नदियां, मिट्टी और छींद वृक्ष इस धरा की असली पहचान, मां नर्मदा की महिमा और प्रकृति के महत्व पर दिया संदेश
Chhindwara, 17 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ एवं समर्थ पंच निशान महोत्सव में अवधूत महायोगी श्री दादा गुरु भगवान ने छिंदवाड़ा की प्राकृतिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा की पहचान किसी व्यक्ति विशेष के नाम से नहीं, बल्कि यहां प्रवाहित होने वाली नदियों और उनकी शक्ति से है। इस जिले की वास्तविक पहचान यहां की पावन मिट्टी और छींद नामक वृक्ष से भी जुड़ी हुई है।
दादा गुरु ने कहा कि नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि शक्ति स्वरूपा हैं। छिंदवाड़ा की प्राकृतिक संपदा और यहां की नदियों का अपना विशिष्ट महत्व है। उन्होंने बताया कि दूध और सीतारेवा नदियां मां नर्मदा में मिलती हैं, जबकि जाम और कन्हान नदियों का प्रवाह गोदावरी नदी की ओर है। इन नदियों के माध्यम से इस क्षेत्र का प्राकृतिक और आध्यात्मिक महत्व समझा जा सकता है।
इस अवसर पर प्रवचनकर्ता पं. रविकांत शास्त्री का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उनका जन्म छिंदवाड़ा में हुआ है और वे देशभर में पूजनीय मां नर्मदा की सेवा में समर्पित हैं। वे अब तक तीन बार मां नर्मदा की कठिन परिक्रमा कर चुके हैं। दादा गुरु ने तुलसी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। पातालकोट क्षेत्र का भी उल्लेख करते हुए प्रकृति और आध्यात्मिक चेतना के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के आयोजक शेषराव यादव ने दादा गुरु के तप और साधना का उल्लेख करते हुए बताया कि वे पिछले छह वर्षों से केवल मां नर्मदा के जल पर निर्भर रहकर जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने दादा गुरु को भगवान के स्वरूप बताते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
मां नर्मदा की महिमा, प्रकृति की शक्ति और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने प्रवचनों का लाभ प्राप्त किया।