मवेशी लौटे घर, लेकिन जंगल गया युवक नहीं लौटा; सोमवार सुबह मिला क्षत-विक्षत शव
हमलावर बाघ की पहचान के लिए लिया गया DNA सैंपल, जंगल में लगाए जा रहे कैमरे
सिवनी यशो :- पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ के हमले से एक चरवाहे की दर्दनाक मौत हो गई। कुरई थाना क्षेत्र के खंडासा गांव निवासी योगेश देशमुख रविवार को रोजाना की तरह मवेशी चराने जंगल गया था, लेकिन देर शाम मवेशी तो घर लौट आए, पर योगेश वापस नहीं पहुंचा। परिजनों की चिंता उस समय गहरा गई, जब काफी इंतजार के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन रविवार देर रात तक सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान खंडासा गांव के समीप जंगल में उसका क्षत-विक्षत शव मिला।

शव की हालत बेहद भयावह थी। बताया गया है कि उसके दोनों पैर और सिर अलग थे, जबकि शरीर का मध्य हिस्सा भी गायब था। घटनास्थल पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर बाघ के हमले में युवक की मौत होने की आशंका जताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक जांच और वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
मवेशी लौटे, युवक का नहीं मिला सुराग
प्राप्त जानकारी के अनुसार योगेश देशमुख रविवार को अपने मवेशियों को लेकर जंगल की ओर गया था। शाम को मवेशी वापस घर पहुंच गए, लेकिन उनके साथ योगेश नहीं लौटा। परिजनों ने पहले उसकी अपने स्तर पर तलाश की और फिर ग्रामीणों तथा वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने जंगल में खोज अभियान चलाया। रात तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर सोमवार सुबह फिर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान जंगल में योगेश का शव बरामद हुआ।
DNA सैंपल से होगी हमलावर बाघ की पहचान
डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) गौरव मिश्रा के अनुसार घटनास्थल पर बाघ के पैरों के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शव से DNA सैंपल भी एकत्रित किए गए हैं। इनकी जांच के माध्यम से हमले में शामिल बाघ की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए घटनास्थल और आसपास के जंगल में कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
इस घटना के बाद खंडासा सहित आसपास के गांवों में भय और चिंता का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल में नहीं जाने, मवेशियों को चराने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा बाघ की संभावित मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
पेंच के बफर क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों और ग्रामीणों के बीच बढ़ते संघर्ष तथा जंगल से लगे गांवों में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।