ASP दीपक मिश्रा पर अनावश्यक प्रताड़ना और झूठे प्रकरण में फंसाने की आशंका का आरोप, पुलिस अधीक्षक से लेकर DGP तक पहुंची शिकायत
Seoni, 17 November 2026
सिवनी यशो:- जिले की पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष तथा जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य एडवोकेट नरेंद्र गुड्डू ठाकुर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के विरुद्ध अनावश्यक रूप से परेशान एवं प्रताड़ित करने और झूठे प्रकरणों में फंसाने की आशंका जताते हुए शिकायत की है। इस मामले में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिकायत की निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
विधायक को सौंपे आवेदन में लगाए गंभीर आरोप
एडवोकेट नरेंद्र गुड्डू ठाकुर ने 17 नवंबर 2026 को विधायक दिनेश राय मुनमुन को दिए आवेदन में बताया है कि वे भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं तथा पिछले लगभग 25 वर्षों से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वे वर्ष 2022 से जिला अधिवक्ता संघ सिवनी के पंजीकृत अधिवक्ता के रूप में व्यवसाय कर रहे हैं।
अपने आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान एवं प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 19 अगस्त 2026 एवं 3 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सिवनी तथा 3 नवंबर और 16 नवंबर 2026 को पुलिस महानिदेशक भोपाल को शिकायतें भेजी जा चुकी हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन आवेदनों में उन्हें झूठे मामलों में फंसाए जाने की आशंका सहित संबंधित घटनाक्रमों का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो का भी किया उल्लेख
नरेंद्र ठाकुर ने अपने आवेदन में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो और फुटेज का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा दो बालिग युवक-युवती के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस प्रकरण में फंसाने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। उनका दावा है कि इस घटनाक्रम से उन्हें अपने विरुद्ध भी झूठी पुलिस कार्रवाई किए जाने की आशंका और अधिक बढ़ गई है।
उन्होंने आवेदन में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के विरुद्ध इस प्रकार की शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास कायम रह सके।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी शिकायत
आवेदक ने विधायक को दिए पत्र में उल्लेख किया है कि वे इस संबंध में पहले ही पुलिस अधीक्षक सिवनी और पुलिस महानिदेशक भोपाल को आवेदन दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं थाना कोतवाली सिवनी को भी इसी प्रकार की शिकायत प्रस्तुत की गई है। उन्होंने अपने आवेदन के साथ पूर्व में दिए गए शिकायत पत्रों की प्रतियां भी संलग्न की हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मांगी जांच
एडवोकेट नरेंद्र गुड्डू ठाकुर द्वारा प्रस्तुत शिकायत के आधार पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने 17 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 3307 के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूरे मामले का संज्ञान लेकर नियमानुसार उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया है। विधायक ने इस पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल को भी भेजी है।
अब यह मामला शिकायतकर्ता के आरोपों, विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र और पुलिस प्रशासन की भूमिका के चलते चर्चा में है। मामले की निष्पक्ष जांच होने और संबंधित पुलिस अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।