कपल्स के बैग में गांजा रखकर फंसाने की कथित धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई, होटल मालिक ने 25-25 हजार रुपये मासिक मांगने और 10-10 हजार के लिफाफे देने का किया दावा
होटल किरायेदार ने मारपीट और प्रताड़ना के लगाए आरोप, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी से पत्रकारों ने मांगा पक्ष, फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं
Seoni, 17 November 2026
सिवनी यशो:- वर्दी की आड़ में कथित दबंगई, अवैध वसूली और कानून के नाम पर डराने-धमकाने के गंभीर आरोपों से घिरे सिवनी पुलिस महकमे में आखिरकार कार्रवाई की खबर सामने आई है। शहर के डूंडासिवनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के वायरल वीडियो और होटल मालिक एवं किरायेदार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बीच आधिकारिक सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस निरीक्षक सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
होटल सिद्धार्थ में पुलिस की कथित कार्रवाई से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में है। वायरल वीडियो में होटल में ठहरे बालिग कपल्स को कथित रूप से डराने-धमकाने तथा उनके बैग में गांजा रखकर झूठे प्रकरण में फंसाने और होटल सील करने जैसी बातें कहे जाने का आरोप सामने आया है।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब होटल मालिक संजय सनोडिया और होटल किराये पर लेकर संचालित करने वाले युवक ने पुलिस अधिकारियों पर कथित वसूली, मारपीट और लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
कपल्स के बैग में गांजा रखकर फंसाने की कथित धमकी ने खड़े किए सवाल
13 नवंबर की शाम होटल सिद्धार्थ में ठहरे बालिग कपल्स से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मी कपल्स को डराते-धमकाते हुए उनके बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने और होटल सील करने जैसी बातें कहते नजर आ रहे हैं।
इस घटनाक्रम में एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी और अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी का दावा किया गया है। वहीं एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा से संबंधित एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
सवाल यह है कि यदि किसी होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिलती है तो पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। लेकिन क्या किसी के बैग में मादक पदार्थ रखकर झूठे मामले में फंसाने की बात कहना भी कानूनसम्मत कार्रवाई का हिस्सा हो सकता है? कानून की रक्षा करने वालों से ही यदि कानून की मर्यादा तोड़ने के आरोप जुड़ने लगें तो जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
होटल मालिक का आरोप- 25-25 हजार रुपये मासिक की मांग
होटल मालिक संजय सनोडिया ने मीडिया के समक्ष आरोप लगाया कि कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय तिवारी द्वारा होटल से हर महीने 25-25 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि त्योहार के अवसर पर एक स्थानीय पत्रकार की मौजूदगी में कोतवाली टीआई और एसडीओपी को 10-10 हजार रुपये के लिफाफे दिए थे।
संजय सनोडिया का आरोप है कि रकम देने के बावजूद कथित मांग और दबाव का सिलसिला बंद नहीं हुआ। अधिकारियों की ओर से और अधिक रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
किरायेदार ने भी लगाए मारपीट और 50 हजार रुपये मांगने के आरोप
होटल को किराये पर लेकर संचालित करने वाले युवक ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि होटल में आए दिन पुलिसकर्मी पहुंचकर चेकिंग के नाम पर परेशान करते थे।
होटल में आने वाले कपल्स को धमकाकर बाहर निकाल दिया जाता था। युवक ने एसडीओपी, टीआई और अन्य पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने तथा हर महीने 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया है।
उसका कहना है कि सीमित आर्थिक संसाधनों में होटल का संचालन करना मुश्किल हो गया था। लगातार कथित दबाव और पैसों की मांग से वह परेशान था।
लाइन अटैच की कार्रवाई से बढ़ी हलचल, अब अन्य आरोपों की जांच पर निगाहें
आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी को इस मामले में लाइन अटैच किया गया है।
हालांकि इस कार्रवाई के औपचारिक आदेश और इसके पीछे के प्रशासनिक कारणों की आधिकारिक पुष्टि सामने आना शेष है। फिलहाल यह घटनाक्रम वायरल वीडियो और पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब सवाल यह भी है कि क्या केवल लाइन अटैच की कार्रवाई तक ही मामला सीमित रहेगा या होटल मालिक द्वारा लगाए गए कथित अवैध वसूली के आरोपों, किरायेदार के साथ मारपीट और वीडियो में सामने आई कथित धमकी की भी निष्पक्ष जांच होगी? यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर क्या कठोर कार्रवाई की जाएगी?
पुलिस अधीक्षक से पत्रकारों ने मांगा पक्ष, अभी बयान नहीं
इस पूरे घटनाक्रम पर कुछ पत्रकारों द्वारा पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने और आधिकारिक वर्जन लेने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार तैयार किए जाने तक पुलिस अधीक्षक की ओर से इस मामले में किसी भी प्रकार का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ऐसे गंभीर आरोपों और पुलिस विभाग के भीतर हुई कार्रवाई की खबरों के बीच पुलिस अधीक्षक का आधिकारिक पक्ष सामने आना महत्वपूर्ण है।
अब बड़ा सवाल- वर्दी के सम्मान की आड़ में किसी को कानून से खिलवाड़ की छूट कैसे?
पुलिस का दायित्व अपराध रोकना, नागरिकों की सुरक्षा करना और कानून का निष्पक्ष पालन कराना है। होटल में यदि कोई गैरकानूनी गतिविधि होती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कार्रवाई की आड़ में किसी को डराने, कथित रूप से अवैध वसूली करने अथवा झूठे आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी देने के आरोप बेहद गंभीर हैं।
सिवनी के इस मामले ने पुलिस की जवाबदेही, नागरिकों के अधिकार और कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब जनता की निगाहें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन पर टिकी हैं। निष्पक्ष जांच, तथ्यों का खुलासा और जवाबदेही तय होना ही इस पूरे प्रकरण में पुलिस की साख बचाने का रास्ता होगा।