वेकोलि कामगारों की कॉलोनियों में बिजली बहाली की मांग, 3 नवंबर तक आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
Chhindwara 29 October 2026
छिंदवाड़ा / परासिया यशो:- वेकोलि कामगारों की कॉलोनियों में पिछले दो माह से बिजली बंद होने के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन का ऐलान किया है। बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर आगामी 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे से भमोड़ी बस स्टैंड पर चक्काजाम किया जाएगा। इस संबंध में 27 अक्टूबर को जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जमील खान सहित तीन ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया है।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जमील खान ने बताया कि भमोड़ी, जाटाछापर और भाजीपानी स्थित वेकोलि कामगारों की कॉलोनियों में करीब दो माह से बिजली बंद है। इस समस्या के निराकरण के लिए गत 19 सितंबर को पेंच क्षेत्र के महाप्रबंधक से चर्चा की गई थी। उस दौरान महाप्रबंधक ने मेंटेनेंस कार्य कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की बात कही थी। इसके लिए तीनों ग्राम पंचायतों की ओर से मजदूर भी उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अब तक बिजली चालू नहीं हो सकी है।
फोरमैन इंचार्ज के खिलाफ ग्रामीणों में नाराजगी
जमील खान के अनुसार, बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फोरमैन इंचार्ज महेश राठौर की ओर से बार-बार तकनीकी खराबी का हवाला दिया जा रहा है, जिसके कारण बिजली बहाली में देरी हो रही है। इस स्थिति को लेकर तीनों गांवों के लोगों में आक्रोश है।
त्योहारों पर भी नहीं मिली बिजली
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि बिजली बंद रहने के कारण वेकोलि कामगारों की कॉलोनियों के रहवासियों को गणेश चतुर्थी, दुर्गा उत्सव और दशहरे जैसे त्योहारों के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 3 नवंबर तक कॉलोनियों में बिजली चालू नहीं की गई, तो 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे से भमोड़ी बस स्टैंड पर चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।
इन जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन
बिजली समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जमील खान, जाटाछापर पंचायत के सरपंच नरेंद्र धुर्वे, भमोड़ी के सरपंच विपिन श्रीवास्तव और भाजीपानी की सरपंच जयवंती कुमरे शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।