रामलीला मैदान में जुटे देशभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता, राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का संकल्प
Chhindwara, 01 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के हजारों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व सांसद नकुलनाथ के साथ पहुंचे कांग्रेसजनों ने रैली में भाग लेकर मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की।
दिल्ली पहुंचने पर नकुलनाथ मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद अशोक सिंह के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए।
रामलीला मैदान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित मार्च में नकुलनाथ के साथ छिंदवाड़ा और पांढुर्णा से पहुंचे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस की ओर से इस मार्च को लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए चलाया जा रहा जनआंदोलन बताया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों और कथित वोट चोरी के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही। रैली में शामिल कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार के संरक्षण के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प जताया।