मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; मतदाता सूची में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया
Seoni, 01 November 2026
सिवनी यशो:- दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की गूंज सोमवार को सिवनी में भी सुनाई दी। रैली के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोला। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता नहीं बरतने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं के नामों में विसंगतियां सामने आई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित नहीं हुई तो आम नागरिकों के मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त अपने संवैधानिक दायित्वों का निष्पक्षता से निर्वहन नहीं कर रहे हैं और केंद्र की मोदी सरकार के दबाव में नियमों की अनदेखी की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम हटने या उनमें त्रुटियां होने की स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पूरी पारदर्शिता जरूरी है। पार्टी ने SIR प्रक्रिया में सामने आई कथित त्रुटियों की निष्पक्ष जांच कराने और सभी पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की मांग की।
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर निर्भर करती है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अवसर मिलना चाहिए और किसी भी मतदाता को प्रक्रिया संबंधी त्रुटियों के कारण अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।
कांग्रेसजनों ने संकल्प व्यक्त किया कि संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
ये कांग्रेसजन रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रसन्नचंद मालू, जेपीएस तिवारी, मोहम्मद हनीफ खान, मोहम्मद असलम खान, मोहन सिंह चंदेल, सुरेन्द्र करोसिया, पवन दिवाकर, अशोक नरेती, मोहन सिंह ठाकुर, राजिक अकील, शिव सनोडिया, रंजीत यादव, संजय बघेल, श्रीमती पवनरेखा रिनायत, विनोद यादव, हुकुमचंद सनोडिया, नब्बू भाई, सुशील सोनकेशरिया, जयप्रकाश सिंह परिहार एवं सतेन्द्र बघेल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।