सिवनीमध्यप्रदेश

सकाटा जंगल में बच्चों ने जाना प्रकृति का पाठ, सिवनी में ‘अनुभूति कार्यक्रम’ बना यादगार

सिवनी अनुभूति कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को मिला जंगल और वन्यजीवों का जीवंत अनुभव

Seoni 18 January 2026
सिवनी यशो:- बफर जोन वन परिक्षेत्र अरी के अंतर्गत सकाटा जंगल में वन विभाग द्वारा ‘अनुभूति कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक जंगल भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें प्रकृति, वन्यजीव और जैव विविधता की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर पंकज चौधरी (वनरक्षक) ने विद्यार्थियों को जंगल में पाए जाने वाले विभिन्न फलदार, इमारती एवं औषधीय वृक्षों की जानकारी दी। उन्होंने चार, भिलवा, हर्रा, बेहड़ा, आंवला, महुआ सहित अन्य महत्वपूर्ण वृक्षों के उपयोग और महत्व को विस्तार से समझाया।

वन्यजीव, जहरीले जीव-जंतु और जंगल के लाभों की जानकारी

जंगल भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को हिंसक एवं शाकाहारी वन्य प्राणी, पक्षी तथा जहरीले जीव-जंतुओं व सांपों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि जंगल मानव जीवन के लिए कितने आवश्यक हैं और उनकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।

मास्टर ट्रेनर द्वारा विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि यदि कहीं जंगल में आग लगती है या अवैध शिकार की सूचना मिले, तो तुरंत वन विभाग के अधिकारी या कर्मचारी को जानकारी दें।

भोजन व्यवस्था व ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता

जंगल भ्रमण के उपरांत विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें शिक्षकगण, अतिथिगण एवं वन अमले के कर्मचारी शामिल रहे। इसके पश्चात विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पेन एवं बाघ की प्रतिमा देकर प्रोत्साहित किया गया।

वन विभाग व जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी ओबेदुल्ला खान, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी गणेश प्रसाद कुशराम (सरेखा), फिरोज खान (गगेरुआ), कृष्ण कुमार कांमले, विजय कुमार वरकड़े (नेहलेसर्रा), मुकेश पंद्रे (सकाटा), संजय सिंह टेकाम (बिसापुर माल) सहित सभी सर्किलों के वनरक्षक एवं सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में

दिलीप यादव,

तरुण हरिनखेड़े,

टुप सिंह पटले,

पंचायत समन्वय अधिकारी मानसिंह कटरे,

जे.पी. शिव, हरेंद्र पटले (जनपद सदस्य) मौजूद रहे।

इन विद्यालयों के विद्यार्थी हुए शामिल

कार्यक्रम में

  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गगेरुआ

  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताखला कला

  • हाई स्कूल खैरलांजी

के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

अनुभूति कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने,

वन संरक्षण के प्रति जागरूक करने और

भावी पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का सार्थक प्रयास किया गया।

https://www.abplive.com/states/delhi-ncr/sardar-patel-105th-birth-aniversary-grand-culturals-programe-to-be-held-in-delhi-ann-3024881

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!