मध्यप्रदेशसिवनी

सिवनी में स्वच्छता अभियान को मिली नई रफ्तार, 7 वार्डों की जिम्मेदारी सामाजिक संगठनों ने संभाली

नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया का आह्वान— जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ, सुंदर और आदर्श सिवनी

सिवनी स्वच्छता अभियान को नई गति, 7 वार्डों की जिम्मेदारी सामाजिक संगठनों ने संभाली

Seoni, 19 July 2026
सिवनी यशो:- नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद सिवनी ने जनभागीदारी का बड़ा अभियान शुरू किया है। रविवार को नगर पालिका कार्यालय के मानस भवन में आयोजित बैठक में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और स्वयंसेवी संगठनों ने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने की, जबकि मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री दिशा डहेरिया सहित पार्षद एवं नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

सिवनी नगर पालिका में स्वच्छता अभियान को लेकर सामाजिक संगठनों की बैठक
नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया की अध्यक्षता में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ स्वच्छता व्यवस्था सुधार को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को जनसहयोग से मजबूत बनाना था।

इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सात वार्डों को गोद लेकर वहां स्वच्छता जागरूकता और निगरानी की जिम्मेदारी लेने का निर्णय किया।

नगरपालिका अध्यक्ष ने किया जनभागीदारी का आह्वान

नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर पालिका के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी संगठनों से अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और नगर पालिका के साथ मिलकर अभियान चलाने का आग्रह किया।

बैठक की शुरुआत में सभी संगठन प्रमुखों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया तथा उनके सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इंजीनियर्स संघ ने दिए सख्त कार्रवाई के सुझाव

इंजीनियर्स संघ के प्रतिनिधि इंजी. ब्रजेश गौतम ने शहर में गंदगी फैलाने वालों पर स्पॉट फाइन लगाने, पॉलीथिन पर सख्ती से रोक लगाने तथा कचरा वाहनों को नेट से ढंककर परिवहन करने का सुझाव दिया।

सिवनी नगर पालिका में स्वच्छता अभियान को लेकर सामाजिक संगठनों की बैठक
नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया की अध्यक्षता में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ स्वच्छता व्यवस्था सुधार को लेकर बैठक आयोजित की गई।

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मांगा तय समय पर कचरा संग्रहण

चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि सुदर्शन बाझल ने कहा कि कचरा गाड़ियों का निश्चित टाइम-टेबल बनाया जाए, प्रत्येक गली में वाहन पहुंचे, वाहन में लगातार सूचना देने वाला संगीत बजे तथा व्यापारिक क्षेत्रों में कचरा संग्रहण के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही सार्वजनिक शौचालय बढ़ाने और सभी दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य करने की मांग भी रखी।

मातृशक्ति संगठन ने प्लास्टिक प्रतिबंध और हरियाली पर दिया जोर

मातृशक्ति संगठन की अध्यक्ष सीमा चौहान ने नगर में प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान तेज करने, भवन निर्माण अनुमति के साथ वृक्षारोपण अनिवार्य करने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों पर चालानी कार्रवाई तथा प्रत्येक वार्ड में मोहल्ला समिति गठित करने का सुझाव दिया।

उन्होंने घोषणा की कि संगठन सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ वार्ड को सम्मानित करेगा। साथ ही सामाजिक व्यक्तियों को स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर बनाने का भी सुझाव दिया।

एक सप्ताह में पकड़े गए 102 आवारा पशु

सीएमओ दिशा डहेरिया ने बताया कि नगर पालिका द्वारा लगातार अभियान चलाकर पिछले एक सप्ताह में 102 आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया है। नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में केवलारी स्थित बड़ी गौशाला का भी उपयोग किया जाएगा तथा नगर में नई गौशाला स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ओमेश्वर ठाकरे ने साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी तथा उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने भी दिए सुझाव

व्यापारिक संघ ने दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, दुकानों पर स्वच्छता स्टिकर लगाने तथा बाजार क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत करने का प्रस्ताव रखा।

सकल जैन समाज ने अवैध होर्डिंग हटाने और हाथठेलों को व्यवस्थित करने का सुझाव दिया, जबकि प्रस्फुटन समिति ने मठ तालाब और खाली सार्वजनिक स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा।

इन वार्डों की जिम्मेदारी संगठनों ने ली

बैठक में सात वार्डों को सामाजिक संगठनों ने गोद लिया—

  • इंजीनियर्स संघ – रानी दुर्गावती वार्ड
  • चैंबर ऑफ कॉमर्स – महावीर वार्ड
  • मातृशक्ति संगठन – सी.वी. रमन वार्ड
  • व्यापारी संघ – सुभाष वार्ड एवं अशोक वार्ड
  • सकल जैन समाज – गुरुनानक वार्ड
  • प्रस्फुटन समिति – तिलक वार्ड

नगरपालिका अध्यक्ष ने सभी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों पर कार्ययोजना बनाकर उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

यह भी पढ़े :-

इतिहास रच गया मध्यप्रदेश: CM डॉ. मोहन यादव ने UCC को दिलाई कैबिनेट मंजूरी, एक देश-एक कानून की ओर बड़ा कदम

CM डॉ. मोहन यादव ने देखा इंजीनियरिंग का चमत्कार: 25 हजार लीटर पानी, टूटी मशीनें… फिर भी बन गई MP की सबसे कठिन टनल 

खुशखबरी! इंदौर से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी 

कैबिनेट के बड़े फैसले: प्रदेश के विकास के लिए ₹10,800 करोड़ मंजूर, सिंचाई, शहरी विकास और मूंग खरीदी को मिली बड़ी राहत 

https://www.pmindia.gov.in/hi/major_initiatives/%E0%A4%B8%E0%A5%8D%E0%A4%B5%E0%A4%9A%E0%A5%8D%E0%A4%9B-%E0%A4%AD%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A4%A4-%E0%A4%85%E0%A4%AD%E0%A4%BF%E0%A4%AF%E0%A4%BE%E0%A4%A8/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button