कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा कर गुणवत्ता पर दिए निर्देश
तकनीकी विभागों की समीक्षा में कलेक्टर शीतला पटले ने कहा — कार्य गुणवत्ता और समयसीमा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने गुरुवार को निर्माण विभागों की बैठक लेकर जिले में जारी विकास एवं निर्माण कार्यों की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीआईयू, पीएचई, जल निगम, सर्व शिक्षा अभियान, जनजातीय कार्य विभाग, बीडीसी, नगरपालिका तथा जल संसाधन विभाग सहित अन्य एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देश दिए कि सिविल अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, छात्रावास भवन, सड़क, पुल-पुलिया सहित सभी निर्माण कार्य समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने एपीआरडीसी के अधिकारियों को आरओबी डायवर्जन रोड का डामरीकरण शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि रबी सीजन में किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए नहरों के मरम्मत कार्य पूरी गुणवत्ता से और तय समय पर पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सभी निर्माण विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि निर्माण कार्यों के दौरान सड़क या पाइपलाइन को नुकसान न पहुंचे। जल निगम पाइपलाइन अलाइनमेंट की जानकारी अन्य विभागों से साझा करे और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत त्वरित रूप से पूर्ण करे।
नहर मरम्मत कार्यों का निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती पटले ने गुरुवार को पेंच नहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर
नहरों की सफाई,
मरम्मत एवं
लाइनिंग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि नहरों में जल प्रवाह सुचारु रहे,
इसके लिए अवरोधक स्थानों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कार्य में लापरवाही पाई गई तो
संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण स्थलों का स्वयं निरीक्षण करें और
उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।



