कुत्तों की नशबंदी में भारी भ्रष्टाचार, सिवनी नपा का कारनामा
एनिमल केयर सेंटर दुर्ग का भुगतान रूकवाने की मांग
Seoni 01 January 2025
सिवनी यशो:- सिवनी नगर पालिका में आश्चर्यजन खेला हो रहे है । शफीक खान की अध्यक्षीय परिषद भ्रष्टाचार के लिये अपने कार्यकाल के प्रारंभिक समय से ही चर्चित है और उच्च स्तरीय जाँच में करोड़ो रूपये के घोटाले सामने आ चुके है हालांकि इस संबंध में अभी जबाव तलब हो रहे है सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान भ्रष्टाचार के आरोपों का जबाव देने भोपाल जा रहे है । उनके भोपाल पहुंचने के पूर्व ही विवेकानंद वार्ड के पार्षद राजेश राजू यादव ने एक और आर्थिक कदाचरण की शिकायत जिला कलेक्टर से करते हुये जाँच की मांग की है ।
पार्षद यादव द्वारा की गयी शिकायत में डाग नसबंदी के नाम पर सिवनी नपा में लाखो का फर्जीवाड़ा करना बताया गया है और इस मामले में लाखों रूपये के फर्जी भुगतान होने की आशंका व्यक्त की गयी है ।
श्री यादव ने शिकायत पत्र में कहा है कि नगरीय क्षेत्रान्तर्गत कुत्तों की नसबंदी एवं एन्टीरेबीज टीकाकरण हेतु एनिमल केयर सेंटर दुर्ग को ठेके पर दिया गया था। जिसका प्रति कुत्ते का 1140/- रूपये के मान से ठेका हुआ था। जिसका प्रथम भुगतान 03/10/2024 को 339264/- रूपये का भुगतान एवं 28/10/2024 को द्वित्तीय भुगतान किया गया था अंतिम बिल 30/12/2024 को 424536/- का 380 कुत्तों का लगाया गया है। जांच उपरांत पाया गया कि पंचनामा में पार्षदों के हस्ताक्षर नहीं है। श्री यादव ने कहा है कि इसी प्रकार झूठे पंचनामा लगाया जाकर पहले दो बिलों का भुगतान किया गया है। कंपनी द्वारा बताया गया कि नगरीय क्षेत्र में कुल 1003 कुत्तों की नसबंदी एवं टीकाकरण किया गया है। जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि पिछले बिल भी फर्जी पंचनामा बनाकर निकाले गये है।
श्री यादव ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि अंतिम भुगतान रोका जाये एवं पुन: पूर्ण रूप से जांच की जाये संबंधित पूर्व जांच अधिकारी के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही की जाये।






