शान-ए-पंजतने पाक कॉन्फ्रेंस में उमड़ा जनसैलाब
सैय्यद अमीनुल क़ादरी साहब का प्रभावशाली ख़िताब
Seoni December 18, 2025
सिवनी यशो: – छपारा नगर में आयोजित शान-ए-पंजतने पाक एवं अजमत-ए-सहाबा कॉन्फ्रेंस में आस्था, अनुशासन और भाईचारे का भव्य संगम देखने को मिला। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में विश्वविख्यात सुन्नी सूफ़ी स्कॉलर सैय्यद अमीनुल क़ादरी साहब क़िब्ला के प्रभावशाली ख़िताब को सुनने के लिए हजारों की संख्या में मुस्लिम समाजजन उपस्थित रहे।
सूफी सामाजिक कार्यकर्ता सूफी मंज़ूर रज़ा क़ादरी ने बताया कि अपने ख़िताब में सैय्यद अमीनुल क़ादरी साहब ने कहा कि पैग़म्बर हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की आल को सादात और उनके अनुयायियों को सहाबा कहा जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय सुन्नी हनफी अहले सुन्नत व जमात पैग़म्बर की आल और सहाबा—दोनों से प्रेम और सम्मान रखते हैं, यही उनका अक़ीदा है।
उन्होंने समाज को बेटियों की अच्छी दीनी व दुनियावी तालीम, बेहतर परवरिश तथा बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से दूर रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को सैय्यदा फ़ातिमा ज़हरा की सीरत पर चलाया जाए, तो समाज को नेक और सच्ची औलाद मिलेगी।
फितनों के विरुद्ध एकता का संदेश
इससे पूर्व मुफ्ती तौहीद आलम साहब ने अपने विचार रखते हुए अहले सुन्नत व जमात को संगठित रहने और अपने मज़हब पर मजबूती से कायम रहने का संदेश दिया। वहीं सैय्यद अमीनुल क़ादरी साहब ने समाज में फैल रहे विभिन्न फितनों का सख़्ती से खंडन करते हुए युवाओं से अपने ईमान और अक़ीदे की हिफ़ाज़त करने का आह्वान किया।
नात और सम्मान
कार्यक्रम में नात ख़्वां नज़ीर इस्माइली और रेहान अशरफ़ी ने शानदार नात शरीफ़ पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। इस अवसर पर मोहम्मद सुलेमान क़ादरी द्वारा दोनों नात ख़्वां को कर्बला व नजफ़ अशरफ़ की पवित्र यात्रा पर भेजने की घोषणा की गई।
उलमा और समाज की बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम का आयोजन रज़ा-ए-अली कमेटी,
छपारा द्वारा किया गया,
जिसमें बड़ी संख्या में सुन्नी धर्मगुरु एवं
उलमा—मौलाना शाकिर अशरफ़ी,
नूर मोहम्मद अशरफ़ी,
हाफ़िज़ नसीम फ़िरदौसी,
मुफ्ती अमजद साहब,
मौलाना इरशाद क़ादरी सहित सैकड़ों उलमा मौजूद रहे।
हजारों की संख्या में मुस्लिम समाजजन की उपस्थिति में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आभार व्यक्त
अंत में रज़ा-ए-अली कमेटी अखाड़ा चौक,
छपारा की ओर से समस्त प्रशासन,
जिला मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का आभार व्यक्त किया गया
तथा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
यह समाचार आयोजनकर्ताओं से प्राप्त जानकारी व मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर प्रकाशित किया गया है।
https://www.indiakhabar.co.in/newsite/public/index.php/single-post/27412

