Seoni 18 December 2025
छपारा सिवनी यशो: – छपारा नगर के गौरव परम पूज्य मुनिश्री 108 नीरज सागर महाराज का मुनि दीक्षा उपरांत 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद गुरुवार 18 दिसंबर को प्रथम नगर आगमन हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर जैन समाज सहित समूचे नगर और क्षेत्रवासियों में अपार उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
मुनिश्री के नगर आगमन को लेकर बीते कई दिनों से स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही थीं। दर्शन के अभिलाषी श्रद्धालु पलक-पांवड़े बिछाए प्रतीक्षा कर रहे थे। ज्ञात हो कि मुनिश्री 17 दिसंबर को कांहीवाड़ा होते हुए ग्राम सादकसिवनी पहुंचे थे, जहां से 18 दिसंबर की सुबह लगभग 12 बजे छपारा कलां पहुंचे और दोपहर लगभग एक बजे बड़े पुल मार्ग से नगर में प्रवेश किया।

नगर प्रवेश के दौरान बस स्टैंड परिसर में मुनिश्री का भव्य एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुनिश्री 108 नीरज सागर महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को धर्मोपदेश दिया। इसके बाद शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महावीर वार्ड स्थित जैन मंदिर पहुंची।

मार्ग में झंडा चौक स्थित राम मंदिर में मुनिश्री द्वारा वंदना भी की गई,
जिससे नगर में धार्मिक समरसता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर मुनिश्री 108 नीरज सागर महाराज के साथ
मुनिश्री 108 निर्मध्य सागर महाराज के भी श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर के मार्गों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और
पूरा छपारा नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर नजर आया।
यह प्रथम नगर आगमन जैन समाज सहित पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और
अविस्मरणीय बन गया।
https://digjainwiki.org/wiki/niryapak-muni-shri-108-veer-sagarji-maharaj-1973/



