अनुराग डहेरिया हत्याकांड का चौथा आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने फरारी पर लगाया विराम
दो माह से फरार चल रहा ऋषि रावत पुलिस के हत्थे चढ़ा, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल भी जब्त
अनुराग डहेरिया हत्याकांड : फरार चौथा आरोपी ऋषि रावत गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल जब्त
Seoni 09 July 2026
सिवनी यशो:- सिवनी शहर में चर्चित अनुराग डहेरिया हत्याकांड में फरार चल रहे चौथे एवं अंतिम आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
यह भी पढ़े :- मोक्षधाम का इलेक्ट्रिक शवदाह गृह बना ‘अधूरे वादों’ की मिसाल! पार्षद ने खोला मोर्चा, फर्म को ब्लैकलिस्ट कर भुगतान रोकने की मांग
13 मई को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते अनुराग डहेरिया पर बेसबॉल के डंडे, चाकू तथा हाथ-मुक्कों से हमला किया गया था। हमले में सिर, गर्दन और पेट पर गंभीर चोटें आने से अनुराग डहेरिया की मौत हो गई थी।
मामले में थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़े :- पिस्टल की गोली से घायल योगेश की मौत, तीन आरोपी हिरासत में दो फरार
तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी निखिल कुशवाहा, आर्यन धुर्वे और शाहरुख खान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। चौथा आरोपी ऋषि रावत (21) घटना के बाद से फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
यह भी पढ़े :- सिवनी में साइबर सुरक्षा का मेगा अभियान, मेडिकल कॉलेज में 700 छात्रों को SP ने दिए डिजिटल सुरक्षा के मंत्र
पुलिस टीम ने 5 जुलाई को ऋषि रावत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल जब्त किए गए। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।
पहले से दर्ज हैं चार आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी ऋषि रावत के विरुद्ध थाना कोतवाली में चोरी और मारपीट सहित चार आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
यह भी पढ़े :-कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 माह से फरार स्थाई वारंटी सोहेल खान उर्फ गोलू पठान गिरफ्तार
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, आरक्षक लक्ष्मी चंद्रवंशी एवं प्रतीक बघेल की विशेष भूमिका रही।



