कमलनाथ व नकुलनाथ की मानवीय पहल रंग लाई
रोजगार से जुड़े युवा तो परिजन व पालकों के खुशी से छलक उठे आंसू
तीन से सात लाख रुपए के पैकेज पर मिली नौकरी
Chhindwara 08 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- आर्थिक परेशानियों के बीच महानगरों में रहकर उच्च शिक्षा हासिल करना सभी के लिए संभव नहीं होता। विषम परिस्थितियों के चलते प्रतिभावना छात्र-छात्राएं कई बार उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे युवाओं को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने का बीड़ा मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने उठाया था। नेताद्वय के प्रयासों से चयनित छात्र-छात्राओं को इंदौर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय से नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की गई।
नारियल बेचने से लेकर ठिलिया चलाकर परिवार का भरण पोषण करने के साथ ही बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना संभव नहीं था। इस महंगाई के दौर में बड़े शहरों व महानगरों में रहकर पढ़ाई करना भी संभव नहीं है, किन्तु जरूरतमंद छात्र-छात्राओं की आंखों में उच्च शिक्षा पाकर नौकरी करने का सपना था। उस सपने को माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी ने साकार किया तो परिजनों की खुशी बढ़ गई और यह खुशी उस वक्त दोगुनी हो गई जब युवा 3 से 7 लाख रुपए के पैकेज पर राष्ट्रीय व बहुराष्ट्र्रीय कम्पनी में नौकरी के लिए चयनित हो गए। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे, उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा, क्योंकि नेताद्वय के प्रयासों से नामुमकिन भी मुमकिन में तब्दील हो गया। पालक परिजनों ने सर्वप्रथम कमलनाथ एवं नकुलनाथ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।



