सिगरेट पिलाकर बनाया वीडियो, फिर शुरू की ब्लैकमेलिंग; 12 लाख के सोने के हार बरामद
नाबालिग बच्चों को धमकाकर जेवर हड़पने वाला आरोपी लखनादौन पुलिस की गिरफ्त में
लखनादौन ब्लैकमेलिंग मामला – नाबालिगों को वीडियो से ब्लैकमेल कर हड़पे 12 लाख के सोने के हार, आरोपी गिरफ्तार
Seoni 01 june 2026
सिवनी / लखनादौन यशो:- थाना लखनादौन पुलिस ने ब्लैकमेलिंग एवं चोरी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 12 लाख रुपये कीमत के दो सोने के हार बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को समनापुर निवासी मननारायण भारद्वाज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर की आलमारी से दो सोने के हार गायब हो गए हैं। जांच के दौरान बच्चों से पूछताछ में पता चला कि पड़ोस में शादी समारोह में आए एक युवक ने दो नाबालिग बच्चों को सिगरेट पिलाकर उनका वीडियो बना लिया था।
आरोपी वीडियो वायरल करने और परिवार को बताकर बदनाम करने की धमकी देकर बच्चों पर लगातार दबाव बना रहा था। आरोप है कि उसने एक बच्चे का पैर साइलेंसर से जला दिया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। भय के कारण बच्चों ने घर में रखी लोहे की पेटी का ताला खोलकर दो सोने के हार आरोपी को दे दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लखनादौन में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णा पटेल (19 वर्ष) निवासी मोहद, थाना करेली, जिला नरसिंहपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने सोने के हार नरसिंहपुर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के हार बरामद कर लिए। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में नाबालिग बच्चों के वीडियो भी पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल लखनादौन भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना लखनादौन के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



