हेमंत खण्डेलवाल बोले- सरकार की उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं, विचारधारा को मजबूत करने में निभाएं सक्रिय भूमिका
भोपाल यशो :- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मीडिया विभाग की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। जनता सड़क पर अराजकता फैलाने वालों की मानसिकता को समझती है और चुनाव में इसका जवाब देती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल गलत नैरेटिव तैयार कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में भाजपा मीडिया विभाग के कार्यकर्ता तथ्यों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दें और जनता के सामने सच्चाई रखें।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं जनता तक
शिवप्रकाश ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई गंभीर राष्ट्रीय विषयों का स्थायी समाधान किया गया है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। मीडिया विभाग के कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को तथ्यों एवं आंकड़ों के साथ जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे गलत नैरेटिव के जरिए भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। मीडिया विभाग के कार्यकर्ता विभिन्न विषयों का गंभीरता से अध्ययन करें और विपक्ष की वास्तविकता को जनता के सामने रखें। सरकार के कार्यों के साथ संगठन की गतिविधियों को भी प्रमुखता से प्रचारित करें।
मीडिया विभाग पार्टी का चेहरा, विचारधारा को मजबूत करने की जिम्मेदारी: खण्डेलवाल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित राजनीतिक दल है। पार्टी की विचारधारा को और मजबूत बनाने तथा उसे जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया विभाग पार्टी का चेहरा होता है, इसलिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं एवं किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आंकड़ों एवं तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए। भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है। विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले मनगढ़ंत आरोपों और भ्रम फैलाने वाले नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर जवाब देना आवश्यक है।
खण्डेलवाल ने कहा कि मीडिया विभाग के सभी साथी विषयों का पूरा अध्ययन करें और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार एवं संगठन का पक्ष जनता के सामने रखें। पार्टी की विचारधारा को स्थापित करने और जनसेवा के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए सक्रियता से कार्य करें।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने किया।