विधायक दिनेश राय मुनमुन ने किया अमृत वर्षा का श्रवण, शंकराचार्य स्तंभ स्थल का लिया जायजा
Seoni 30 January 2026
सिवनी यशो:- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने शुक्रवार को आध्यात्मिक कार्यक्रम में सहभागिता के साथ नगर विकास से जुड़े कार्यों का भी निरीक्षण किया। विधायक ने पहले सुखद सत्संग अमृत वर्षा का श्रवण किया, इसके पश्चात प्रस्तावित शंकराचार्य स्तंभ स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की।

राष्ट्रीय संत असंगदेव प्रभु साहिब के सानिध्य में सत्संग
ग्राम बडझिर (मोहगांव) में पूज्य गुरुदेव राष्ट्रीय संत श्री श्री असंगदेव प्रभु साहिब जी के पावन सानिध्य में आयोजित सुखद सत्संग अमृत कथा में विधायक श्री मुनमुन ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान पूज्य गुरुदेव का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक ने श्रद्धालुओं के साथ पूज्य प्रभुजी के श्रीमुख से प्रवाहित ज्ञानगंगा रूपी प्रवचनों का श्रवण किया और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिष्य मंडल एवं श्रद्धालुओं की गरिमामय उपस्थिति रही।

छिंदवाड़ा चौक पहुंचकर शंकराचार्य स्तंभ स्थल का निरीक्षण
धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम के पश्चात विधायक दिनेश राय मुनमुन सीधे सिवनी नगर के छिंदवाड़ा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित शंकराचार्य स्तंभ स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने नगर पालिका एवं एमपीआरडीसी (MPRDC) के अधिकारियों से डिजाइन, संरचना एवं कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



