Uncategorized

अब 1500 कुत्तों की निगरानी करेगा पेंच टाइगर रिजर्व

कैनाइन डिस्टेंपर रोग की रोकथाम हेतु बफर क्षेत्र में टीकाकरण अभियान प्रारंभ

Seoni 01 june 2026।
सिवनी यशो:-  वन्यजीवों के स्वास्थ्य संरक्षण और बाघों सहित अन्य वन्य प्राणियों को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पेंच टाइगर रिजर्व द्वारा सिवनी एवं छिंदवाड़ा जिलों के बफर क्षेत्र में कैनाइन डिस्टेंपर रोग (Canine Distemper Disease) की रोकथाम हेतु व्यापक टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है।

पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार अभियान के तहत बफर क्षेत्र के लगभग 1500 पालतू एवं आवारा कुत्तों की पहचान कर उनका टीकाकरण और स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। अभियान की शुरुआत रविवार को सिवनी जिले के टुरिया एवं सावंगी ग्राम तथा छिंदवाड़ा जिले के कुंभपानी ग्राम से की गई।

पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में कैनाइन डिस्टेंपर रोकथाम अभियान के तहत कुत्तों का टीकाकरण करते वन विभाग और पशु चिकित्सा दल
सिवनी एवं छिंदवाड़ा के बफर क्षेत्र में पेंच टाइगर रिजर्व द्वारा कैनाइन डिस्टेंपर रोग की रोकथाम के लिए पालतू एवं आवारा कुत्तों का टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा है कैनाइन डिस्टेंपर

हाल ही में देश के कुछ टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में कैनाइन डिस्टेंपर संक्रमण के मामले सामने आने के बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा सभी टाइगर रिजर्वों को रोग की रोकथाम और नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के पालन में पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने एहतियाती और निवारक कदम के रूप में यह विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया है, ताकि रिजर्व क्षेत्र और उसके आसपास के वन्यजीव संभावित संक्रमण से सुरक्षित रह सकें।

ग्रामीणों से सहयोग की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी कुत्ते में कैनाइन डिस्टेंपर के लक्षण दिखाई दें, जैसे—

  • आंख, नाक या मुंह से लगातार स्राव होना,
  • असामान्य व्यवहार करना,
  • दौरे पड़ना (फिट्स आना),
  • लगातार गोल-गोल घूमना,
  • अन्य असामान्य गतिविधियां करना,

तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग के फील्ड स्टाफ या निकटतम वन अधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान

पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि आगामी दिनों में यह अभियान अन्य चिन्हित बफर ग्रामों में भी चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। अभियान में वन विभाग के फील्ड स्टाफ, पशु चिकित्सक दल तथा स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग लिया जाएगा।

https://www.jagran.com/uttarakhand/dehradun-city-tiger-population-faces-canine-distemper-virus-threat-high-alert-issued-by-forest-department-40250352.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button