Seoni, 06 December 2025
लखनादौन यशो:- खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी का कार्य लखनादौन क्षेत्र में धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। प्रशासन द्वारा तय प्रक्रिया के अनुसार अब किसान ऑनलाइन स्लॉट बुक कर विभिन्न वेयरहाउसों में अपनी उपज की तुलाई करा सकते हैं।
क्षेत्र में धान खरीदी हेतु BOT पिपरिया, त्रिवेणी वेयरहाउस सोहागपुर, समृद्धि वेयरहाउस साजपानी, माँ नर्मदा वेयरहाउस धनककड़ी (पुरवामाल), बी डी वेयरहाउस मकरझिर (सनाईडोंगरी), शिवहरे वेयरहाउस धूमा तथा बालाजी वेयरहाउस सारसडोल को चयनित किया गया है।
शुक्रवार को नर्मदा वेयरहाउस धनककड़ी में धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वेयरहाउस प्रबंधक लखनादौन पवन यादव तथा नोडल अधिकारी सुश्री कमलेश अहिरवार की उपस्थिति में तुलाई प्रक्रिया आरंभ की गई।
मार्केटिंग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे और किसानों की प्रारंभिक तुलाई एवं व्यवस्था में सहयोग दिया।
प्रशासन का कहना है कि सभी वेयरहाउसों में आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है और किसान बुक किए गए स्लॉट के अनुसार अपनी धान निर्धारित केंद्र पर ला सकते हैं। इससे भीड़ कम होगी और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सकेगी।



