सेवानिवृत्त डीआईजी प्रीतम सिंह उईके ने कहा– संघ का अनुशासन, सेवाभाव और समर्पण समाज के लिए अनुकरणीय
सिवनी नगर के प्रमुख मार्गों से निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य त्रिवेणी पथसंचलन, मिशन स्कूल में समापन अवसर पर हुआ बौद्धिक; डॉ. पवन स्थापक ने भारतीय संस्कृति और संघ की शताब्दी यात्रा पर रखे विचार
Seoni, 22 November 2026
सिवनी यशो:-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर सिवनी में आयोजित त्रिवेणी पथसंचलन में स्वयंसेवकों का अनुशासन, एकरूपता और संगठनात्मक समर्पण देखने को मिला। नगर के प्रमुख मार्गों से निकले इस पथसंचलन में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने कदमताल करते हुए नगरवासियों को संघ की संगठनात्मक कार्यपद्धति का परिचय कराया।

पथसंचलन के समापन अवसर पर मिशन स्कूल परिसर में बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त डीआईजी श्री प्रीतम सिंह उईके ने संघ के अनुशासन, सेवाभाव और स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संघचालक सुरेंद्र सिसोदिया ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में देवजी नेत्रालय जबलपुर के निदेशक डॉ. पवन स्थापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों के साथ नगर के प्रबुद्ध नागरिक, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही।

नगर के प्रमुख मार्गों से निकले त्रिवेणी पथसंचलन का नगरवासियों ने अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पूर्ण गणवेश में कदमताल करते स्वयंसेवकों की अनुशासित और एकरूप टोली ने नगर में विशेष आकर्षण पैदा किया। पथसंचलन के दौरान समाज के गणमान्य नागरिकों और मातृशक्ति की सहभागिता एवं स्वागत ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
पुलिस विभाग में रहते हुए बाहर से देखता था संघ के कार्यक्रम, आज करीब से जानने का मिला अवसर : प्रीतम सिंह उईके
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त डीआईजी प्रीतम सिंह उईके ने अपने उद्बोधन में कहा कि उन्हें पहली बार संघ के इस प्रकार के कार्यक्रम में शामिल होने और स्वयंसेवकों के बीच आकर उनकी कार्यपद्धति को नजदीक से देखने का अवसर मिला है।
पुलिस विभाग में सेवाकाल के दौरान उन्होंने अनेक बार संघ के कार्यक्रमों में ड्यूटी की, लेकिन उस समय पुलिस की जिम्मेदारी के कारण बाहर से ही व्यवस्था संभालनी पड़ती थी।
आज उन्हें कार्यक्रम में सहभागी बनकर स्वयंसेवकों के अनुशासन को करीब से देखने का सौभाग्य मिला।
उन्होंने कहा कि नगर का पथसंचलन अत्यंत उत्कृष्ट, अनुशासित और आकर्षक रहा। पुलिस विभाग में कार्य करने के कारण वे अनुशासन का महत्व भली-भांति समझते हैं। पुलिस विभाग एक संगठित शासकीय व्यवस्था है, जहां कर्मचारियों को वेतन मिलता है, लेकिन संघ के स्वयंसेवक बिना किसी आर्थिक अपेक्षा के स्वेच्छा से, सेवा और समर्पण की भावना के साथ इतनी अच्छी वेशभूषा में समाज और राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे हैं। यह अत्यंत प्रशंसनीय है।

श्री उईके ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज देशव्यापी संगठनात्मक स्वरूप में कार्य कर रहा है। संघ की शाखाओं के माध्यम से व्यक्तियों में अनुशासन, सामाजिक दायित्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभाव का विकास किया जाता है। संघ की प्रेरणा से अनेक सहयोगी संगठन भी शिक्षा, श्रमिक, किसान, सेवा, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
पांच परिवर्तनकारी संकल्पों को जीवन में उतारने की आवश्यकता
श्री उईके ने संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में पांच प्रमुख सामाजिक संकल्पों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व का बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण ऐसे विषय हैं, जिन पर प्रत्येक नागरिक को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, विरासत और मातृभाषा पर गर्व करना, स्वदेशी उत्पादों को अपनाना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना आवश्यक है। सामाजिक समरसता के लिए जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान भाव से देखने की जरूरत है।

कुटुंब प्रबोधन पर उन्होंने कहा कि परिवार में बड़ों का सम्मान, महिलाओं का सशक्तीकरण, बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास और पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। आज परिवारों में आपसी संवाद कम हो रहा है और मोबाइल के कारण एक साथ बैठने की परंपरा प्रभावित हो रही है। नई पीढ़ी में संस्कार और पारिवारिक जिम्मेदारी का बोध विकसित करना समय की आवश्यकता है।
नागरिक अनुशासन के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कानून और नियमों का पालन करना चाहिए। स्वच्छता बनाए रखना, सार्वजनिक एवं राष्ट्रीय संपत्तियों का सम्मान करना और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना ही जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। अनुशासन किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार होता है।
पर्यावरण संरक्षण पर उन्होंने जल के अनियंत्रित दोहन और पेड़ों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
बच्चों को नशे, मोबाइल की लत और फिजूलखर्ची से दूर रखना जरूरी
नई पीढ़ी के व्यवहार में आ रहे बदलावों पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री उईके ने कहा कि आज बच्चों में देर से उठने, बड़ों की बात नहीं मानने, गुरुओं के प्रति सम्मान में कमी, छोटी-छोटी बातों पर क्रोध करने और गलत संगत में पड़ने जैसी प्रवृत्तियां देखने को मिल रही हैं। नशे की आदत, यातायात नियमों की अनदेखी, अनावश्यक खर्च और शारीरिक व्यायाम से दूरी भी चिंता का विषय है।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उन्हें नशे, मोबाइल की अनावश्यक लत और फिजूलखर्ची से दूर रखें। उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करें।
उन्होंने संघ की दैनिक शाखाओं की सराहना करते हुए कहा कि शाखाओं में शारीरिक व्यायाम के साथ बच्चों और युवाओं को अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराया जाता है। नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का यह प्रयास महत्वपूर्ण है।
अंत में श्री उईके ने आयोजकों, संघ के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, मातृशक्ति और उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर उन्हें संघ के कार्यों और स्वयंसेवकों के अनुशासन को नजदीक से समझने का अवसर मिला, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं।
भारतीय संस्कृति की निरंतरता और संघ की शताब्दी यात्रा पर डॉ. पवन स्थापक का बौद्धिक
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. पवन स्थापक ने अपने उद्बोधन में भारत की प्राचीन सभ्यता, सनातन संस्कृति, ऐतिहासिक संघर्षों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की वैचारिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से विचार रखे।
उन्होंने कहा कि संघ की सौ वर्षों की यात्रा स्वयंसेवकों के अथक परिश्रम, संकल्प, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का परिणाम है। हिमालय से हिंद महासागर तक विस्तृत भारत की पहचान उसकी प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक परंपराओं से है। हमारी संस्कृति चिर पुरातन होने के साथ नित्य नूतन भी है।
ऋषि-मुनियों से प्राप्त संस्कार, गुरुकुल परंपरा और पारिवारिक जीवन मूल्यों ने भारतीय संस्कृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखा है।
उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणों और कठिन ऐतिहासिक परिस्थितियों के बावजूद भारत की सांस्कृतिक चेतना समाप्त नहीं हुई। संत तुलसीदास, रविदास, मीराबाई और नरसी मेहता जैसे संतों ने भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज में आस्था और सांस्कृतिक जागरण की भावना को बनाए रखा।
स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म सम्मेलन के संबोधन और उनके विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल भाव वसुधैव कुटुम्बकम् है। स्वामी विवेकानंद ने श्रेष्ठ समाज और चरित्रवान नागरिकों के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया था। इसी प्रकार डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्र को संगठित और सामर्थ्यवान बनाने के लिए ऐसे तंत्र की आवश्यकता महसूस की, जो व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज निर्माण का कार्य कर सके। इसी चिंतन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई।
डॉ. स्थापक ने संघ की प्रारंभिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि शुरुआत में सीमित संख्या में स्वयंसेवकों के साथ कार्य प्रारंभ हुआ।
शुरुआती दौर में संघ को उपहास और उपेक्षा का सामना भी करना पड़ा, लेकिन स्वयंसेवकों ने अपने संकल्प और समर्पण से कार्य को निरंतर आगे बढ़ाया। आज संघ की शताब्दी यात्रा उसी सतत साधना और संगठनात्मक प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री प्रीतम सिंह उईके के संबोधन में पुलिस सेवा के अनुभव से निकली अनुशासन की समझ और स्वयंसेवकों के सेवाभाव की सराहना प्रमुखता से सामने आई।
वहीं मुख्य वक्ता डॉ. पवन स्थापक ने भारतीय संस्कृति और संघ की वैचारिक यात्रा के माध्यम से समाज के संगठन एवं चरित्र निर्माण का संदेश दिया। जिला संघचालक श्री सुरेंद्र सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित यह कार्यक्रम त्रिवेणी पथसंचलन के समापन अवसर पर संपन्न हुआ।