श्री गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, पंजाब से आए गतका दल ने हैरतअंगेज करतबों से किया रोमांचित
सिवनी यशो :- सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व (गुरुनानक जयंती) के उपलक्ष्य में शनिवार को गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा, सिवनी द्वारा भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। नगर कीर्तन में शामिल संगत ने गुरुवाणी के संदेशों और शब्द कीर्तन के माध्यम से गुरु साहिब के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
नगर कीर्तन में गुरुजी के पंच प्यारे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन ने धार्मिक गरिमा और अनुशासन का सुंदर परिचय दिया। वहीं पंजाब से आए गतका दल ने सिखों की पारंपरिक युद्धकला का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। दल के सदस्यों ने तलवारों और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिन्हें देखकर लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह नगर कीर्तन का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर संगत का अभिनंदन किया और गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस दौरान गुरुवाणी के शब्दों ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन में लुधियाना से आए विशेष कीर्तन रागी गुरविंदर सिंह (टोनी वीर जी) ने मधुर शब्द कीर्तन की प्रस्तुति दी। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने संगत को भाव-विभोर कर दिया। गुरुवाणी के माध्यम से बुराइयों से दूर रहने, सदाचार अपनाने और मानवता की सेवा करने का संदेश दिया गया।
भव्य नगर कीर्तन का समापन गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा में हुआ। पूरे आयोजन में सिख समाज सहित नगर के श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।