यूथ फॉर चेंज’ थीम पर हुआ आयोजन, जलवायु संरक्षण, पोषण, ऊर्जा बचत और सकारात्मक परवरिश जैसे विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा
सिवनी यशो :- भारत स्काउट एवं गाइड मध्यप्रदेश, जिला संघ जनजातीय कार्य विभाग सिवनी के तत्वावधान में 16 नवंबर 2026 को शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सिवनी में एक दिवसीय संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘परिवर्तन के लिए युवा’ (यूथ फॉर चेंज) विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से 42 स्काउटर-गाइडर (प्रभारी शिक्षक) तथा 42 स्काउट-गाइड (छात्र-छात्राओं) ने सहभागिता कर सामाजिक और पर्यावरणीय बदलाव की दिशा में अपनी भूमिका समझी।

कार्यक्रम का आयोजन श्री लालजी राम मीणा, सहायक आयुक्त एवं जिला मुख्य आयुक्त स्काउट-गाइड के निर्देशानुसार किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री पूजा उइके, जिला कमिश्नर गाइड एवं क्षेत्र संयोजक जनजातीय कार्य विभाग सिवनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती निर्मला ठाकुर ने की। कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं ईश प्रार्थना के साथ हुआ।
मिशन लाइफ के तीन महत्वपूर्ण विषयों पर हुआ संवाद
कार्यशाला का संचालन डीओसी स्काउट एवं जिला समन्वयक ‘यूथ फॉर चेंज’ श्री रघुवीर सिंह ठाकुर ने किया। संवाद के दौरान मिशन लाइफ के अंतर्गत युवा जलवायु चैंपियन, युवा पोषण चैंपियन और युवा परवरिश चैंपियन जैसे तीन महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, बेहतर पोषण और बच्चों के सकारात्मक पालन-पोषण के प्रति जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने इन उद्देश्यों के प्रचार-प्रसार और अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला स्काउटर श्री गोपाल तिवारी ने जलवायु परिवर्तन एवं जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला सचिव श्री तरुण प्रकाश श्रीवास्तव ने ऊर्जा की बचत के उपायों पर अपने विचार रखे। डीओसी गाइड श्रीमती अनामिका बघेल ने ‘मेरा विद्यालय, हरित विद्यालय’ विषय के माध्यम से विद्यालयों को पर्यावरण अनुकूल बनाने की आवश्यकता बताई।
ट्रेनिंग काउंसलर श्री चन्द्र प्रकाश राजपूत ने स्वस्थ पोषण एवं एनीमिया जागरूकता पर प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने प्रेरणादायी गीत के माध्यम से भी सभी को जागरूक किया। जिला कमिश्नर गाइड सुश्री पूजा उइके ने विभिन्न विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
नैतिक मूल्यों और डिजिटल साक्षरता पर भी हुई चर्चा
जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री रघुवीर ठाकुर ने सकारात्मक परवरिश, अभिभावक-बच्चा संवाद और जिम्मेदार पालन-पोषण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने नैतिक मूल्यों, डिजिटल साक्षरता एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए। कार्यशाला के दौरान स्काउट-गाइड प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ‘यूथ फॉर चेंज’ की अवधारणा पर आधारित प्रहसन प्रस्तुत किए और अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में स्काउट मास्टर श्री प्रदीप हनवत एवं श्री राजेन्द्र गोनगे ने संवाद कार्यशाला के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करने वाले प्रशिक्षक दल और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ एक दिवसीय संवाद कार्यशाला का समापन हुआ।