सिवनी 27 मई 2023
सिवनी यशो:- पिछली दो दिनों से सोशल मीडिया में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष पद केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की नियुक्ति को लेकर चल रही अफवाहों पर प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं स्वयं प्रहलाद पटेल ने इस प्रकार की चर्चाओं को काल्पनिक बताकर सिरे से खारिज कर दिया । सोशल मीडिया में मध्य प्रदेश भाजपा में बदलाव से संबंधित खबरे तेजी से चल रही थी और कुछ वायरल खबरे तो नियुक्ति होने की खबरों को इतनी वजनदारी से प्रसारित कर रहे थे कि आमजनों में बदलाव को लेकर विश्वास भी व्यक्त किया जाने लगा था और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को बधाई देने का सिलसिला भी प्रारंभ हो गया था । केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के बाद तो अटकलों का बाजार गरमा गया है। इस बीच, शुक्रवार को यह बात फैल गई कि पार्टी नेतृत्व ने प्रहलाद पटेल को प्रदेश भाजपा की कमान सौंप दी है। हालांकि, इस संबंध में कोई अधिकृत आदेश जारी नहीं हुआ है। राष्ट्रीय मीडिया से जुड़े पत्रकारों से बातचीत में प्रहलाद पटेल ने भी इन बातों को खारिज किया। साथ ही कहा कि यह सब काल्पनिक हैं।
यहाँ स्पष्ट कर दें कि सागर के मंत्रियों की आपसी खींचतान की खबरें बाहर आने और प्रदेश के अन्य जिलों से पुराने नेताओं के बगावती सुर देखने के बाद भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है और अटकले चलने लगी कि वीडी शर्मा की जगह प्रहलाद पटेल को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। कुछ वायरल खबरों में तो यह भी बताया गया कि विशेष विमान से प्रहलाद पटेल भोपाल आ रहे हैं। बधाईयों का तांता लगने के पश्चात प्रहलाद पटेल ने स्वयं मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों को स्पष्ट किया कि यह बातें काल्पनिक हैं। मनगढंत है। ऐसा कुछ भी नहीं है। मैं अभी जबलपुर में हूं। यहां से नए संसद भवन के 28 मई को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दिल्ली जा रहा हूं।
मंगलवार को सागर के मंत्रियों गोविंद राजपूत, भूपेंद्र सिंह और गोपाल भार्गव की आपसी लड़ाई का मसला सामने आया था। बताया गया कि दो विधायकों के साथ राजपूत और भार्गव ने भूपेंद्र सिंह की शिकायत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की है। इसके बाद बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर शिवराज सिंह चौहान ने प्रहलाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर और कैलाश विजयवर्गीय के साथ बैठक की थी और इसके बाद अटकलों का बाजारगर्मा गया ।



