सिवनी में महाराजा अग्रसेन जयंती, ‘एक ईंट-एक रुपया’ नीति की चर्चा
Seoni, 11 October 2026
सिवनी यशो:- अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा श्री अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव रविवार, 11 अक्टूबर को सिवनी अग्रवाल समाज द्वारा जबलपुर रोड स्थित लूघरवाड़ा के अग्रसेन भवन में भव्यता के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर वाहन रैली, हवन-पूजन, महाआरती और मंचीय समारोह आयोजित किए गए। वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक समता, सहयोग और लोककल्याण के सिद्धांतों को याद करते हुए समाज में एकजुटता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
[caption id="attachment_53369" align="alignnone" width="1024"] सिवनी में महाराजा अग्रसेन जयंती, ‘एक ईंट-एक रुपया’ नीति की चर्चा[/caption]
जयकारों के साथ निकली वाहन रैली, हवन-पूजन के बाद महाआरती
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गंगानगर से भव्य वाहन रैली निकाली गई। महाराजा अग्रसेन के जयकारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई रैली लूघरवाड़ा स्थित अग्रसेन भवन पहुंची। यहां मुख्य यजमान राजकुमार-संध्या अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन का हवन-पूजन कराया। पूर्णाहुति के बाद अतिथियों और समाजजनों ने महाआरती में सहभागिता की।
[caption id="attachment_53370" align="alignleft" width="300"] सिवनी में महाराजा अग्रसेन जयंती, ‘एक ईंट-एक रुपया’ नीति की चर्चा[/caption]
इसके पश्चात माता महालक्ष्मी और महाराजा अग्रसेन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर मंचीय समारोह का शुभारंभ किया गया। अग्रवाल समाज समिति ने मुख्य अतिथि शैलेष कुमार अग्रवाल (आर्वी), शोभादेवी गोयनका (अकोला), विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार अग्रवाल (मुलताई), शालिकराम टिब्डेवाल (वर्धा) और लक्ष्मण प्रसाद मोदी (केवलारी) सहित कार्यक्रम अध्यक्ष राकेश अग्रवाल (भालोटिया), स्टेयरिंग कमेटी के सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों और पूर्व पदाधिकारियों का स्वागत किया।
‘एक ईंट-एक रुपया’ की नीति सामाजिक सहयोग की मिसाल
महाराष्ट्र के समाजसेवी एवं मुख्य अतिथि शैलेष कुमार अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के दूरदर्शी सिद्धांतों, सामाजिक समता और ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल राजा और प्रशासक ही नहीं, बल्कि महान अर्थचिंतक और समाजसुधारक भी थे। उनकी ‘एक ईंट-एक रुपया’ की नीति समाज में सहयोग, समान अवसर और जरूरतमंद परिवारों को अपने पैरों पर खड़ा करने की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचार आज भी समाज को परस्पर सहयोग और कल्याण की दिशा में प्रेरित करते हैं। उनके सिद्धांतों की प्रासंगिकता सामाजिक समरसता और जनकल्याण की अवधारणाओं में दिखाई देती है।
[caption id="attachment_53372" align="alignleft" width="1024"] सिवनी में महाराजा अग्रसेन जयंती, ‘एक ईंट-एक रुपया’ नीति की चर्चा[/caption]
विपत्ति में मदद के लिए बने आपातकालीन सामाजिक समूह
वर्धा के शालिकराम टिब्डेवाल ने समाज की संगठनात्मक मजबूती, आपसी बंधुत्व और एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज में एक आपातकालीन सहायता समिति गठित की जानी चाहिए। यह समिति किसी परिवार पर गंभीर बीमारी, दुर्घटना या आगजनी जैसी विपत्ति आने पर दिन हो या रात, सूचना मिलते ही मदद के लिए पहुंच सके। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने में है।
डिजिटल युग में परिवारों के बीच संवाद बनाए रखने पर जोर
विशिष्ट अतिथि शोभादेवी गोयनका ने बदलते परिवेश, रिश्तों और स्वतंत्रता के विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में परिवारों के बीच संवाद और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है। मोबाइल और डिजिटल तकनीक के अत्यधिक उपयोग पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक ने दूर बैठे लोगों को करीब लाने में मदद की है, लेकिन कई बार पास बैठे परिजनों के बीच दूरी भी बढ़ाई है।
उन्होंने परिवारों में बच्चों, बड़ों और नई पीढ़ी के बीच संवाद बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार, डिजिटल स्क्रीन मां की लोरी, पिता के स्नेह और दादा-दादी के दुलार का स्थान नहीं ले सकती।
अग्रसेन भवन में निर्माण कार्य जारी, लाइब्रेरी शुरू करने का सुझाव
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल भालोटिया ने समाज की गतिविधियों और भवन विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के दौरान रास्ते में फंसे श्रद्धालुओं के लिए सामाजिक भवन में ठहरने, भोजन और जलपान की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी। जिले में निवासरत अग्रवाल परिवारों की पारिवारिक जानकारी संकलित कर पुस्तिका प्रकाशित की गई और उसे परिवारों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि अग्रसेन भवन के दूसरे चरण का निर्माण कार्य भी जारी है, जिसमें विशाल हॉल का निर्माण शामिल है।
स्टेयरिंग कमेटी के सदस्य डॉ. रमाशंकर अग्रवाल ने भवन में महाराजा अग्रसेन से संबंधित साहित्य और इतिहास पर आधारित लाइब्रेरी शुरू करने की इच्छा व्यक्त की, जिससे नई पीढ़ी को समाज के इतिहास और प्रेरक परंपराओं से परिचित कराया जा सके।
मेधावी विद्यार्थियों और प्रतियोगिता विजेताओं का सम्मान
समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिखा मोदी और दीपिका भालोटिया ने किया। समाज के सचिव सुनील अग्रवाल ने उपस्थित अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वाहन रैली और मुख्य समारोह में सिवनी अग्रवाल समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जन्मोत्सव ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को याद करने के साथ सामाजिक सहयोग, पारिवारिक संस्कार और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया।
यह भी पढ़े :-
खबर का असर: NH-44 के नाले से हटवाया बायोमेडिकल कचरा, जांच के बाद हो सकती है बड़ी कार्रवाई
चार पीढ़ियों की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाएंगे सांसद, श्रीरामलीला में निभाएंगे केवट की भूमिका
50 वर्षों की आस्था और परंपरा का भव्य उत्सव
आज भव्यता के साथ मनाया जाएगा महाराजाधिराज अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव
https://en.wikipedia.org/wiki/Agrasen