मध्यप्रदेशक्राइमछिंदवाड़ा

चंदन तस्करों ने किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष को भी नहीं छोड़ा

खेतों में लगे लाखों रुपए के 15 चंदन के पेड़ काटकर ले गए तस्कर

चंदन तस्करी -छिंदवाड़ा में चंदन तस्करों का आतंक, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष के खेत से 15 पेड़ चोरी

Chhindwara 08 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जिला किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि उनके अजनिया स्थित खेत से अज्ञात तस्करों द्वारा लाखों रुपए कीमत के चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चंदन तस्करों की सक्रियता को लेकर चिंता बढ़ गई है।

चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने जारी वक्तव्य में बताया कि उनकी अजनिया स्थित भूमि खसरा नंबर 108, प.ह.नं. 9, पटवारी हल्का नंबर 9 तहसील छिंदवाड़ा नगर जिला छिंदवाड़ा के खेत की मेढ़ों पर 5 से 10 वर्ष पुराने चंदन के पेड़ लगे हुए थे।

उन्होंने बताया कि उनके खेत में विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पेड़ हैं, जिनमें प्राकृतिक रूप से उगे चंदन के पेड़ भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

खेत निरीक्षण के दौरान सामने आई चोरी

उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन सुबह-शाम खेतों का निरीक्षण करते हैं। 5 जून को जब वे खेत की मेढ़ों पर पहुंचे तो देखा कि लगभग 15 चंदन के पेड़ अज्ञात चोरों द्वारा काटकर ले जाए गए हैं। चोरी हुए पेड़ों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

उन्होंने आशंका जताई कि घटना को किसी संगठित चंदन तस्कर गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया हो सकता है।

सुनसान क्षेत्र होने से बढ़ी आशंका

चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि संबंधित क्षेत्र कृषि उपज मंडी एवं पहाड़ी के किनारे स्थित सुनसान इलाका है।

कबाड़िया-अजनिया मार्ग पर अक्सर असामाजिक तत्वों और अवैध रूप से शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है।

उन्होंने कहा कि कई बार बाहरी राज्यों के नंबर वाली संदिग्ध गाड़ियां भी मार्ग स्थित पुलिया के पास खड़ी देखी गई हैं, जिससे चंदन तस्करों की गतिविधियों की आशंका और बढ़ जाती है।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

घटना के बाद उन्होंने कुसमेली, कबाड़िया, अजनिया, चौखड़ा एवं अजनिया-खापाभाट मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

उन्होंने प्रभारी पुलिस चौकी धरमटेकड़ी एवं थाना कुण्डीपुरा को आवेदन देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर मामले का खुलासा करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से चिंता

किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी एवं अवैध गतिविधियों के कारण ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

https://www.youtube.com/shorts/ajF-26DFwIA

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button