भीषण आग का कहर: 6 किमी तक फैली लपटें, कई एकड़ फसल राख—चार गांव बाल-बाल बचे
7 घंटे तक तांडव, 3 फायर ब्रिगेड की मशक्कत के बाद काबू - पशुधन भी झुलसा, किसानों को भारी नुकसान
सिवनी आग छपारा – भीषण आग: 6 किमी तक फैली, कई एकड़ फसल राख
Seoni 11 April 2026
सिवनी/छपारा यशो: -जिले के छपारा क्षेत्र में शनिवार सुबह लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 6 किलोमीटर तक फैलते हुए कई एकड़ फसल को जलाकर राख कर दिया। गनीमत रही कि खैरी, छपारा खुर्द, छपारा कलां और बिछूआ जैसे गांव आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत सुबह लगभग 10 बजे ग्राम गंगाढाना-खैरी टोला के पास हुई, जो तेज हवा और बढ़ते तापमान के कारण तेजी से फैल गई। आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
यह भी पढ़े :-<कान्हीवाड़ा में मौत का मंजर टला: रुई फैक्ट्री में भीषण आग, बगल में गैस गोदाम… जरा सी चूक से उड़ सकता था पूरा इलाका/p>
7 घंटे तक चला तांडव
आग ने एनएच-44 फोरलेन सड़क पार करते हुए बैनगंगा नदी के किनारे तक अपना असर दिखाया। सुबह 10 बजे से शुरू हुई आग पर शाम करीब 6 बजे तक काबू पाया जा सका।
दमकल की कड़ी मशक्कत
मौके पर नगर परिषद छपारा, सिवनी और लखनादौन से दमकल वाहन पहुंचे। दमकल कर्मियों ने घंटों कड़ी मेहनत कर आग पर नियंत्रण पाया।
इस दौरान छपारा थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा।

किसानों को भारी नुकसान
छपारा कलां में कृषक राजा ठाकुर के लगभग 15 एकड़ गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
वहीं खैरी गांव में पितेंद्र ठाकुर की तीन गाय और एक बछिया झुलसकर मर गईं।
बड़ा हादसा टला
ग्राम देवरी कलां में दमकल टीम ने समय रहते आग को फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।
दमकल कर्मी रविन्द्र पटेल और सुभाष यादव सहित टीम ने लगातार कई घंटे तक मोर्चा संभाले रखा।

मुआवजे की मांग
सिवनी आग छपारा घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से आग से हुए नुकसान का सर्वे कर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।





