कहीं मरम्मत के नाम पर कुछ नहीं हुआ तो कहीं सफेद पुट्टी लगाकर की गई खानापूर्ति, 20 हजार से 40 हजार की राशि के उपयोग पर उठे सवाल
Seoni, 26 November 2026
सिवनी यशो:-सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा लगातार राशि आवंटित की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इन योजनाओं का कितना लाभ बच्चों को मिल रहा है, यह घंसौर विकासखंड के स्कूलों की स्थिति देखकर समझा जा सकता है। यहां लगभग 260 स्कूलों में बाथरूम एवं शौचालयों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 20 हजार से 40 हजार तक की राशि उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद कई स्कूलों में शौचालयों की हालत बदहाल बनी हुई है।

शासन की मंशा थी कि स्कूलों में छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं को स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की सुविधा मिल सके। इसके लिए मरम्मत एवं रखरखाव के मद में बजट उपलब्ध कराया गया, लेकिन घंसौर क्षेत्र में इस राशि के उपयोग को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
हमारी टीम ने क्षेत्र के कई स्कूलों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। आज दो स्कूलों की स्थिति सामने रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, वह सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
कहीं शौचालयों में अपेक्षित मरम्मत दिखाई नहीं दी तो कहीं मरम्मत के नाम पर केवल सफेद पुट्टी लगाकर औपचारिकता पूरी किए जाने की स्थिति सामने आई। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि बच्चों की सुविधाओं के लिए जारी की गई सरकारी राशि का वास्तविक उपयोग कहां और किस रूप में किया गया?
मरम्मत के लिए राशि मिली, फिर भी बच्चों को सुविधा क्यों नहीं?
जब प्रत्येक स्कूल को मरम्मत के लिए हजारों रुपये उपलब्ध कराए गए थे, तो फिर शौचालयों की स्थिति में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं दिखाई दे रहा है? क्या संबंधित स्कूलों में निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य कराए गए? क्या भुगतान से पहले कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत की गुणवत्ता की जांच की?
यदि कहीं बिना पर्याप्त कार्य कराए भुगतान किया गया है या कागजों में कार्य पूर्ण दर्शाया गया है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग को देना चाहिए।
260 स्कूलों के कार्यों की हो निष्पक्ष जांच
यह मामला केवल शौचालयों की मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में बच्चों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और सरकारी धन के उपयोग की पारदर्शिता से भी जुड़ा है। जिला प्रशासन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जिला शिक्षा विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए घंसौर विकासखंड के सभी संबंधित स्कूलों में कराए गए कार्यों की जांच करानी चाहिए।
जांच में आवंटित राशि, कार्यादेश, बिल-वाउचर, भुगतान विवरण और मौके पर हुए वास्तविक कार्यों का मिलान किया जाना चाहिए। जहां भी अनियमितता या लापरवाही सामने आए, वहां जिम्मेदारों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। यदि सरकारी राशि का दुरुपयोग प्रमाणित होता है तो उसकी वसूली भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बड़ा सवाल यह है कि बच्चों के शौचालय और बाथरूम की मरम्मत के लिए जारी 20 हजार से 40 हजार आखिर कहां खर्च हुए? क्या सरकारी स्कूलों के विकास का हिसाब सिर्फ कागजों और बिलों में ही पूरा हो रहा है? अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इन सवालों का जवाब देता है या फिर बच्चों को बदहाल व्यवस्थाओं के बीच ही पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।