कलकोटी में 71वां नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 641 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गईं दवाइयां, 14 गंभीर मरीज जिला चिकित्सालय रेफर
Chhindwara, 25 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मजयंती 25 दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे 100 दिवसीय सेवा, संकल्प एवं स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत छिंदवाड़ा जिले में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला संचालित की जा रही है। इसी क्रम में सांसद विवेक बंटी साहू की पहल पर बुधवार को चौरई विकासखंड के ग्राम कलकोटी में 71वां नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विवेक बंटी साहू उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने का भी आग्रह किया।
641 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य शिविर में कुल 641 ग्रामीणों ने पंजीयन कराया। इनमें 362 महिलाएं एवं बालिकाएं तथा 279 पुरुष एवं युवा शामिल रहे। चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी पंजीकृत मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में परीक्षण के दौरान 14 गंभीर मरीजों को बेहतर एवं समुचित उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधाएं
इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्राम कलकोटी एवं आसपास के ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण और नि:शुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। अभियान के अंतर्गत लगातार आयोजित हो रहे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।