तीन दिन का अल्टीमेटम, रविवार तक पानी पहुंचाने का एसडीओ ने दिया आश्वासन; मांग पूरी नहीं हुई तो चक्काजाम करेंगे किसान
Seoni, 26 November 2026
सिवनी / केवलारी यशो:- संजय सरोवर परियोजना के भीमगढ़ बांध से संचालित एलबीसी (वायीं तट नहर) के टेल क्षेत्र तक अब तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। रबी फसल की बोनी के बाद पलेवा के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन नहर में पानी छोड़े जाने के 14 दिन बाद भी अंतिम छोर तक जलापूर्ति नहीं हो सकी है।
इससे नाराज ग्वारी, देहवानी, बुधवारा, गुबारिया, खैररांजी, सुन्हेरा, पुतर्रा, डुंगरिया, तिंदुआ, बबारिया एवं चांदनखेड़ा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों किसानों ने एसडीएम वैद्यनाथ वासनिक को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र पानी पहुंचाने की मांग की है। किसानों ने तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में पानी नहीं पहुंचा तो चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।
14 दिन बाद भी 1900 गेट तक नहीं पहुंचा पानी
किसानों ने बताया कि संजय सरोवर परियोजना (भीमगढ़ बांध) से एलबीसी, आरबीसी एवं तिलवारा केनाल के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। रबी सीजन में पलेवा के लिए बांध से 11 नवंबर को पानी छोड़ा गया था। लेकिन बंदेली के पास नहर में ब्रेकडाउन होने के कारण चार दिनों तक जलापूर्ति प्रभावित रही। इसके बाद भी नहर के 1900 गेट तक पानी नहीं पहुंच पाया है।
किसानों का कहना है कि नहर में पानी छोड़े जाने की सूचना के आधार पर उन्होंने गेहूं की बोनी कर दी है। अब फसल को पलेवा के लिए पानी की आवश्यकता है। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ रही है। किसानों के सामने अब अपनी बोई हुई फसल को बचाने की चिंता खड़ी हो गई है।
एसडीओ ने रविवार तक पानी पहुंचाने का दिया आश्वासन
किसानों के बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय पहुंचने की जानकारी मिलने पर आरबीसी केनाल के एसडीओ के.के. सनोडिया भी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को एलबीसी केनाल की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। साथ ही किसानों को आश्वासन दिया कि रविवार तक टेल क्षेत्र में पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
एसडीओ ने बताया कि देवरी से ऊपर के सभी वितरक गेटों की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि नहर में पानी का प्रवाह सुचारू बनाया जा सके और अंतिम छोर तक जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।
सिंचाई व्यवस्था पर सामूहिक बैठक कराने की मांग
किसानों ने एसडीएम से मांग की कि सिंचाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने और समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के लिए क्षेत्र के किसानों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की सामूहिक बैठक आयोजित की जाए। वहीं एसडीओ के.के. सनोडिया ने नहरों से संचालित सिंचाई व्यवस्था में बिजली आपूर्ति को अल्टरनेट क्रम से चलाने की बात भी कही।
किसानों ने स्पष्ट किया कि खेती के लिहाज से समय बेहद महत्वपूर्ण है। गेहूं की बोनी के बाद पलेवा में देरी होने से फसल पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसलिए अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना जरूरी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर टेल क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंचा तो वे चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे।