55 हज़ार कर्मचारी हड़ताल पर तीन सूत्रीय मांगें प्रमुख
सहकारी संस्थाओं के कर्मचारी आंदोलित, कलेक्टर दर से वेतन, बकाया राशि और पदोन्नति मुख्य मुद्दे
सिवनी में सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल शुरू, अंबेडकर पुतला चौक पर धरना जारी
-
सिवनी में जिला इकाई ने अंबेडकर पुतला चौक पर मोर्चा संभाला
-
शासन से जल्द आदेश जारी करने की माँग, जिम्मेदारी प्रशासन पर तय
Seoni 18 September 2025
सिवनी यशो :- मध्यप्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ की लंबित मांगों को लेकर अब आंदोलन तेज हो गया है। 7 सितम्बर की समय सीमा बीत जाने के बाद आज से प्रदेशभर के लगभग 55 हज़ार समिति कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। सिवनी जिला इकाई के कर्मचारी अंबेडकर पुतला चौक पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
महासंघ के जिलाध्यक्ष वंशीलाल ठाकुर ने बताया कि शासन से बार-बार निवेदन और ज्ञापन सौंपने के बावजूद मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया। मजबूरन कर्मचारियों को हड़ताल का सहारा लेना पड़ा है।
प्रमुख मांगें:
-
संस्था कर्मचारियों का 60% चयन जिला सहकारी बैंक में किया जाए।
-
अक्टूबर 2023 से लंबित 18 माह की प्रोत्साहन राशि (₹54,000) सभी जिलों के कर्मचारियों को दी जाए।
-
समिति कर्मचारियों को अतिरिक्त वेतन वृद्धि का लाभ तुरंत दिया जाए।
-
सिवनी जिले में कलेक्टर दर से वेतन भुगतान, दूसरा-चौथा शनिवार अवकाश और लंबित पदोन्नतियाँ लागू की जाएँ।
आंदोलन की स्थिति:
अधिकारियों ने बताया कि हड़ताल के चलते जिले की सहकारी संस्थाएँ और शासकीय उचित मूल्य की दुकानें बंद हो गई हैं। इससे आमजन को खाद्यान्न वितरण और अन्य सेवाओं में दिक्कतें आने लगी हैं।
महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक शासन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेता, आंदोलन जारी रहेगा।



