सिवनी का गौरव बनीं निकिषा बघेल, प्रथम आगमन
सहायक संचालक (वित्त विभाग) के प्रथम सिवनी आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत
Seoni 18 September 2025
सिवनी यशो :- केवलारी तहसील की होनहार बेटी निकिषा बघेल, सुपुत्री रघुनंदन सिंह बघेल एवं श्रीमती राजकुमारी बघेल ने मध्यप्रदेश राज्य सेवा परीक्षा 2024 में 14वाँ स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन प्रतिष्ठित पद सहायक संचालक (वित्त विभाग) पर हुआ है।
निकिषा ने पाँचवीं तक की शिक्षा दीप ज्योति पब्लिक स्कूल, केवलारी से प्राप्त की, इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय कान्हीवाड़ा से आगे की पढ़ाई की। स्नातक शिक्षा शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, जबलपुर से तथा स्नातकोत्तर शिक्षा राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा से पूर्ण की।
शिक्षा के साथ खेल और एनसीसी में भी प्रतिभा
शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ निकिषा ने एनसीसी में सक्रिय रहते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का अनुभव प्राप्त किया।
वहीं, उन्होंने ताइक्वांडो में क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर खेल क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सिवनी में हुआ आत्मीय स्वागत
आज सिवनी मुख्यालय स्थित अनिल जायसवाल जी के निवास स्थान पर जायसवाल परिवार और सद्भाव ग्रुप के सदस्यों —
नवल ठाकुर, आशीष गोलू सक्सेना, पिंकी उपाध्याय, ऋषिकांत त्रिवेदी, नन्दन श्रीवात्री, करम सिंह बघेल, विनीत जायसवाल, ओम सराठे, टिंकू ठाकरे, भूपेंद्र ठाकुर, निशांत तिव्हन, डेनियल, श्याम उइके, बाबा भाई सहित अन्य — ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर निकिषा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता,
परिवारजनों,
गुरुजनों और सहयोगियों को देते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
निकिषा की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
उन्होंने साबित किया कि —
“यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हो तो सफलता निश्चित है।”
उनकी मेहनत और सफलता केवलारी व सिवनी जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।



