स्पेन की टीम पहुंची छिंदवाड़ा के पर्यटन ग्रामों में, दुनिया देखेगी पातालकोट की आदिवासी संस्कृति
80 यूरोपियन देशों में टेलीकास्ट होगी इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री, ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा वैश्विक मंच
छिंदवाड़ा पर्यटन ग्राम शूटिंग – स्पेन की टीम, 80 देशों में दिखेगी पातालकोट की आदिवासी संस्कृति
Chhindwara 12 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्य प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन और आदिवासी संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रयासों से स्पेन की एक इंटरनेशनल फिल्म टीम ने छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्रामों में तीन दिनों तक विशेष शूटिंग की।
स्पेन से आई टीम ने सावरवानी, धूसावानी, चिमटीपुर और तामिया क्षेत्र में रहकर वहां की प्राकृतिक सुंदरता, ग्रामीण जीवन, पर्यटन गतिविधियों तथा पातालकोट की आदिवासी संस्कृति को अपने कैमरों में कैद किया। विशेष रूप से आदिवासी विवाह की पारंपरिक रस्मों की शूटिंग ने इस डॉक्यूमेंट्री को और अधिक आकर्षक बना दिया।
यह भी पढ़े :- साऊथ फिल्म इंइस्ट्री को भा गया है तामिया और पातालकोट, तामिया में शुरू होगी तेलगू फिल्म भार्गवी की शूटिंग
ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म
यह शूटिंग “रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड” नामक इंटरनेशनल टेलीविजन सीरीज़ के लिए की गई है। इस परियोजना का उद्देश्य मध्य प्रदेश के ग्रामीण और इको-टूरिज्म को दुनिया भर में प्रचारित करना है। इस डॉक्यूमेंट्री का निर्माण स्पेन की कलर्स कम्युनिकेशन ग्रुप द्वारा किया जा रहा है, जिसे लगभग 80 यूरोपियन देशों में प्रसारित करने की योजना है।
मध्य प्रदेश बनेगा इंटरनेशनल फिल्मिंग डेस्टिनेशन
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी के नेतृत्व और अपर प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर के मार्गदर्शन में इस संपूर्ण शूटिंग की रूपरेखा तैयार की गई। यह पहल स्पेन फिल्म कमीशन और मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के बीच हुए एमओयू का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है, जिसके माध्यम से मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के लिए एक प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- छिन्दवाड़ा में होगी डायरेक्ट एक्शन डे फि़ल्म की शूटिंग
पर्यटन ग्रामों में दिखी आत्मीयता और आदिवासी संस्कृति की झलक
छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में शूटिंग के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। स्पेन से आए जुआन मार्टिनेज फ्रूटोस, एडुआर्डो निसा वाज़क्वेज़ और लुइस पेसेरो ज़ाम्ब्रानो की टीम ने टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधि आलोक चौबे, सुधेंद्र भारती और होम स्टे परियोजना प्रभारी आरडी सिद्दीकी के सहयोग से पूरी शूटिंग संपन्न की।
यह भी पढ़े : – सिवनी में तेज रफ्तार जनगणना: उत्कृष्ट प्रगणकों का हुआ सम्मान
टीम ने धूसावानी, सावरवानी, चिमटीपुर और तामिया क्षेत्र का भ्रमण कर कई रोमांचक और सांस्कृतिक पलों को कैमरे में कैद किया। ग्रामीणों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से विदेशी मेहमान काफी अभिभूत नजर आए।
प्रदेश की संस्कृति को दुनिया से जोड़ने की पहल
शूटिंग टीम के सदस्यों ने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को मध्य प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य और आदिवासी परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है। यह परियोजना आने वाले समय में छिंदवाड़ा और पातालकोट क्षेत्र को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिला सकती है।
https://www.patrika.com/chhindwara-news/india-won-the-world-cup-in-england-4972534


