रमली में पहुँचा अमृत, पूरा गांव खुशी से झूम उठा
जल जीवन मिशन से हर घर तक पहुंचा नल का जल, ग्रामीणों के जीवन में आया बड़ा बदलाव
Seoni 04 June 2026
सिवनी यशो:- जिला मुख्यालय से लगभग 41 किलोमीटर तथा विकासखंड कुरई से 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत रमली में जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
लगभग 834 की आबादी और 158 परिवारों वाले इस गांव में सभी घरों तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं तथा ग्राम को “हर घर जल” प्रमाणित किया गया है।

पानी के लिए करना पड़ता था संघर्ष
गांव की निवासी श्रीमती कमला बाई बताती हैं कि पहले उनके परिवार को रोजाना पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सुबह-सुबह परिवार के सदस्य बर्तन लेकर करीब आधा किलोमीटर दूर जल स्रोत तक जाते थे
। कई बार पर्याप्त पानी नहीं मिलता था और कभी गंदा पानी मिलने से भी दिक्कत होती थी। पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी, जिससे दैनिक कार्य भी प्रभावित होते थे।
नल से स्वच्छ जल मिलने पर बदली दिनचर्या
वहीं श्रीमती संगीता बाई बताती हैं कि जल जीवन मिशन के तहत जब उनके घर में नल कनेक्शन लगाया गया और पहली बार नल से स्वच्छ पानी की धार निकली, तो वह पल उनके लिए अविस्मरणीय बन गया।
उन्होंने कहा कि अब घर पर ही नियमित रूप से साफ पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को राहत मिली है। पहले जहां बच्चों का समय पानी लाने में व्यतीत होता था, वहीं अब वे पढ़ाई और अन्य गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे पा रहे हैं।
स्वास्थ्य और स्वच्छता में भी हुआ सुधार
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए पेयजल प्रबंधन एवं नल-जल सुविधाओं के विस्तार से गांव में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। इससे न केवल समय और श्रम की बचत हुई है, बल्कि स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की स्थिति में भी सुधार आया है।
शासन और विभाग के प्रति जताया आभार
श्रीमती संगीता बाई सहित ग्रामवासी इस सुविधा के लिए भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि-
घर-घर नल से जल पहुंचने से उनका जीवन पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक हो गया है। रमली गांव आज जल जीवन मिशन की सफलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।



