कांग्रेस का “प्रतिभा एक खोज” अभियान शुरू
युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने की पहल, राइटर से लेकर मोटिवेशनल स्पीकर तक को मिलेगा मौका
📍 जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता
Seoni 07 June 2026
सिवनी यशो:- मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा प्रदेश के युवाओं को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से “प्रतिभा एक खोज” कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसी संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री नरेश मरावी द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
🎯 युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि कांग्रेस पार्टी ऐसे युवाओं का चयन करेगी जिनकी रुचि राइटिंग, डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, कार्टूनिंग, ब्लॉगिंग, सोशल वर्क, मोटिवेशनल स्पीकिंग एवं एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों में हो।
इच्छुक युवा 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन लिंक जिला कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है। आवेदन के बाद चयनित युवाओं को भोपाल बुलाया जाएगा, जहां अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी होगी।
⚠️ पत्रकारों ने उठाए नगर पालिका के मुद्दे
पत्रकार वार्ता के दौरान नगर पालिका से जुड़े कई गंभीर मुद्दे भी उठाए गए। बताया गया कि शुक्रवार को राम मंदिर के पास पुलिया टूटने से एक टैंकर पलट गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
महावीर वार्ड की भाजपा पार्षद श्रीमती अनसुईया पटवा ने नगर पालिका के कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानचंद पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिया निर्माण की मांग कई बार की गई, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
🛣️ मॉडल रोड निर्माण में गुणवत्ता पर उठे सवाल
पत्रकार वार्ता में राय सिंह कंपनी द्वारा बनाए जा रहे मॉडल रोड निर्माण कार्य को लेकर भी सवाल उठाए गए। आरोप लगाया गया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तथा करोड़ों रुपये खर्च कर पुराने स्ट्रीट लाइट पोल हटाकर नए पोल लगाए गए, जो अनावश्यक खर्च बताया गया।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि बुधवारी बाजार क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नाले का निर्माण आवश्यक था, लेकिन संबंधित कार्य नहीं कराया गया।
🚨 गौकशी मामले में कार्रवाई को बताया उचित
नगर में गौकशी को लेकर हुई कार्रवाई पर पूछे गए सवाल के जवाब में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई उचित है तथा हर अपराध पर समान रूप से कार्रवाई होना चाहिए।
👥 बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस पदाधिकारी और पत्रकार
पत्रकार वार्ता में प्रभारी कमलेश अरपाचे हर्रई, संगठन सचिव हनीफ खान, विष्णु करोसिया, जेपीएस तिवारी, प्रकाश सूर्यवंशी, राजीक अकील, शिब दीप डहेरिया, आदित्य मोंटू भूरा सहित जिले के अनेक पत्रकार एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



