मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

भाजपाई सत्ता में करोड़ों की शासकीय भूमि पर चल रहा अवैध कब्जे का खेल

डूण्डासिवनी में प्रोफाइल शीट का शेड, नेताओं का संरक्षण, अफसर मौन

कांग्रेस का आरोप – प्रशासन भाजपा दबाव में, नहीं रुका तो होगा आंदोलन

Seoni 31 December 2025
सिवनी यशो:- नगरपालिका क्षेत्र के कबीर वार्ड अंतर्गत डूण्डासिवनी–मंडला रोड पर स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर खुलेआम अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।

आरोप है कि –

यह कब्जा कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया और कबीर वार्ड पार्षद संजय भलावी के संरक्षण में कराया जा रहा है, जबकि प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।

78 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि पर कब्जे की तैयारी

डूण्डासिवनी पंचायत कालीन खसरा क्रमांक 261/1, लगभग 78 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि पर नगरपालिका द्वारा पहले से पानी की टंकी, सुलभ शौचालय और बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया है। इसी भूमि के मुख्य मार्ग से लगे हिस्से पर अब प्रोफाइल शीट का विशाल शेड लगाकर कब्जा पुख्ता करने की कोशिश की जा रही है।

शॉपिंग कॉम्पलेक्स की आड़ में खेल

इस भूमि को लेकर कबीर वार्ड पार्षद संजय भलावी द्वारा नगरपालिका को पत्र लिखकर शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण की मांग की गई थी, जिसे 13 फरवरी 2025 के साधारण सम्मिलन में प्रस्ताव क्रमांक 09 के तहत स्वीकृति भी दी गई थी।
लेकिन मई माह में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान को पद से हटाए जाने के बाद कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने इस प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं की और अब सीधे कब्जे का रास्ता अपनाया जा रहा है, ऐसा आरोप लगाया जा रहा है।

अधिकारियों की मौजूदगी, फिर भी कब्जा नहीं रुका

हैरानी की बात यह है कि तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पटवारी और उपयंत्री द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बावजूद शासकीय भूमि पर जारी कब्जे को नहीं रोका गया। इससे यह संदेह और गहराता जा रहा है कि अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं।

कांग्रेस का तीखा हमला – भाजपा नेताओं का ‘भूमि व्यवसाय’

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि

“भाजपा सरकार के संरक्षण में सिवनी नगर की बहुमूल्य शासकीय भूमि को या तो सस्ते दामों में नीलाम किया जा रहा है या फिर सीधे कब्जा कराया जा रहा है। शासकीय जमीनों पर कब्जा करना अब भाजपा नेताओं का व्यवसाय बन चुका है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति द्वारा डूण्डासिवनी की शासकीय भूमि पर कब्जा किया जा रहा है,

उसने पहले भी शौचालय के पास और

उमाशंकर नगर की कॉलोनी से लगी शासकीय भूमि पर कब्जा कर आलीशान मकान बना लिया,

जिसकी शिकायतों पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वार्डवासियों की शिकायतें ठंडे बस्ते में

स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि-

शासकीय भूमि पर बने अवैध निर्माण आज भी मौजूद हैं,

कुछ स्थानों को किराए पर तक दे दिया गया है, लेकिन प्रशासन हर बार चुप्पी साध लेता है।

कांग्रेस का अल्टीमेटम

कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि—

“यदि जिला कलेक्टर द्वारा तत्काल अवैध कब्जा नहीं हटाया गया और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी शासकीय भूमि बचाने के लिए सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।”

सवाल जो प्रशासन से जवाब मांगते हैं

  • क्या करोड़ों की शासकीय भूमि पर कब्जा बिना राजनीतिक संरक्षण संभव है?

  • निरीक्षण के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

  • क्या आदिवासी और आम जनता की जमीनें सत्ता के सौदों की भेंट चढ़ रही हैं?

डूण्डासिवनी शासकीय भूमि अवैध कब्जा अब केवल एक वार्ड का नहीं, बल्कि सिवनी में शासकीय भूमि सुरक्षा और प्रशासनिक निष्पक्षता की बड़ी परीक्षा बन चुका है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/samastipur-samastipur-500-crore-government-land-scam-exposed-investigation-speeds-up-ws-kl-10013696.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!