मध्यप्रदेशसिवनी

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और खरीफ तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा

शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना विभागों की साझा जिम्मेदारी - कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना

कलेक्टर नेहा मीना समीक्षा बैठक – जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और खरीफ तैयारियों की समीक्षा

Seoni 08 June 2026
सिवनी यशो:- जिले में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों की सुविधाओं तथा आगामी मानसून की तैयारियों सहित विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना द्वारा की गई।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है और इसमें जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए।

कलेक्टर नेहा मीना समीक्षा बैठक
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की समीक्षा की।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश

बैठक में सर्वप्रथम 5 जून से जिलेभर में चल रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती मीना ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत तैयार करने का संकल्प है।

उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी एवं आयुष विभाग को औषधीय पौधों के विशेष उद्यान विकसित करने तथा वन विभाग को नगर वन विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण, सिंचाई एवं नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी पर जोर

स्वच्छता गतिविधियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने नगर पालिका एवं जनपद पंचायतों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, शासकीय परिसरों एवं जल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने एवं ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी रूप से लागू करने पर बल दिया।

नगर पालिका सिवनी को दलसागर सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान संचालित करने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

12 से 18 जून तक लगेंगे जनकल्याण शिविर

बैठक में 12 से 18 जून तक आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती मीना ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं किसान कल्याण योजनाओं सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हों।

साथ ही सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता से शिविरों से जोड़ा जाए, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके।

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने होंगे विशेष प्रयास

कलेक्टर श्रीमती मीना ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसानों को रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से 19 एवं 20 जून को विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।

इन कार्यशालाओं में किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, लागत में कमी, मिट्टी की उर्वरता संरक्षण एवं बेहतर उत्पादन की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने चयनित किसानों को मास्टर ट्रेनर के रूप में विकसित करने तथा जनकल्याण शिविरों में सफल उद्यमियों एवं प्रगतिशील किसानों के अनुभव साझा कराने के निर्देश भी दिए।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने जिला एवं विकासखंड स्तर पर अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसके माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है।

खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती मीना ने शेष स्कंध के शीघ्र परिवहन एवं सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए।

आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी विकासखंडों में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों एवं बीजों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने ई-वितरण प्रणाली के माध्यम से किसानों को पारदर्शी एवं सुगम तरीके से खाद उपलब्ध कराने पर बल दिया।

साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए।

जर्जर भवनों और बाढ़ प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा

बैठक में शासकीय जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती मीना ने सभी विभागों को ऐसे भवनों की सूची अद्यतन करने तथा उनकी डिस्मेंटलिंग की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं छात्रावास भवनों के संबंध में कहा कि विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

उन्होंने संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों के गठन, बचाव उपकरणों की उपलब्धता, राहत सामग्री एवं विभागीय समन्वय की जानकारी ली।

विद्युत विभाग को मानसून पूर्व विद्युत लाइनों के रखरखाव, झूलते तारों की मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मीना ने सीएम हेल्पलाइन, समय-सीमा में दर्ज प्रकरणों, सीएम मॉनिट एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों में की गई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर उपलब्ध कराने एवं किसानों की शेष फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

https://www.pib.gov.in/PressReleseDetailm.aspx?PRID=2244693&reg=48&lang=2

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button