मध्यप्रदेशसिवनी

16 माह से नहीं हुई पीआईसी बैठक, 4 माह से परिषद की बैठक भी ठप; कांग्रेस ने कार्यकारी अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

नगर विकास कार्यों में बाधा, जनता छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान : राजिक अकील खान

Seoni 22 June 2026
सिवनी यशो:- नगर पालिका परिषद सिवनी में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य सभापति राजिक अकील खान ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका में लगातार नियमों की अनदेखी की जा रही है।

उनके अनुसार कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया द्वारा पिछले लगभग 16 माह से प्रेसीडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) की बैठक नहीं बुलाई गई है, जबकि परिषद की बैठक भी पिछले चार माह से आयोजित नहीं हुई है।

राजिक अकील खान ने कहा कि मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम में स्पष्ट प्रावधान है कि पीआईसी की बैठक प्रत्येक माह तथा परिषद की बैठक प्रत्येक दो माह में आयोजित किया जाना आवश्यक है। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में बैठकें नहीं होने से नगर विकास से जुड़े अनेक प्रस्ताव लंबित पड़े हुए हैं और कई आवश्यक कार्य स्वीकृति के अभाव में रुके हुए हैं।

जनता हो रही परेशान

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका कार्यालय में आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी भटकना पड़ रहा है। कहीं संबंधित लिपिक उपलब्ध नहीं रहते तो कहीं पोर्टल बंद होने की बात कहकर लोगों को लौटाया जाता है।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली से नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष इस स्थिति को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहे हैं।

नगर विकास कार्यों पर पड़ा असर

राजिक अकील खान का कहना है कि परिषद एवं पीआईसी की बैठकें नहीं होने से नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अनेक निर्माण कार्य, विकास योजनाएं और जनहित से जुड़े प्रस्ताव स्वीकृति के इंतजार में लंबित हैं। इससे नगर के विकास की गति प्रभावित हो रही है।

भाजपा की गुटबाजी को बताया वजह

कांग्रेस जिला प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि परिषद की बैठक नहीं होने के पीछे भाजपा की आंतरिक गुटबाजी भी एक बड़ा कारण हो सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व राज्य शासन द्वारा एल्डरमैनों की नियुक्ति की गई थी। परंपरा के अनुसार परिषद की बैठक में इन एल्डरमैनों का स्वागत एवं परिचय कराया जाता है, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो पाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकारी अध्यक्ष के निकट माने जाने वाले समूह के कुछ लोगों को एल्डरमैन नहीं बनाया गया, जिसके कारण परिषद की बैठक बुलाने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है।

पूर्व अधिकारियों पर भी सवाल

राजिक अकील खान ने कहा कि पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी परिषद की बैठक कराने के पक्ष में सक्रिय नहीं दिखे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कांग्रेस पार्षद दल द्वारा पूर्व कलेक्टरों से भी शिकायत की गई थी, लेकिन न तो कोई लिखित जवाब मिला और न ही बैठक आयोजित कराने के लिए कोई ठोस पहल की गई।

नियमों का पालन कराने की मांग

कांग्रेस नेता ने जिला प्रशासन एवं शासन से मांग की है कि नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार नियमित रूप से परिषद एवं पीआईसी की बैठकें आयोजित कराई जाएं, ताकि लंबित विकास कार्यों को गति मिल सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

नोट : यह समाचार नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य सभापति एवं कांग्रेस जिला प्रवक्ता **राजिक अकील खान द्वारा लगाए गए आरोपों और दिए गए बयानों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button