क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

गुप्त बॉक्स में 320 किलो गांजा, पिस्टल और कारतूस के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से उत्तरप्रदेश जा रही थी 64 लाख की गांजे की खेप, कंटेनर और टाटा सफारी से बरामद हुआ 320.8 किलो गांजा

छिंदवाड़ा में 320 किलो गांजा जब्त, 7 तस्कर गिरफ्तार; गुप्त बॉक्स में छिपाई थी 64 लाख की खेप

छिंदवाड़ा यशो :- अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ अमरवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 320.8 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की इस खेप के साथ 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, नगदी, 8 मोबाइल फोन, एक कंटेनर और टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कंटेनर में बाकायदा गुप्त बॉक्स बनाकर गांजा छिपा रखा था, जबकि टाटा सफारी के डैशबोर्ड बॉक्स में भी गांजा रखा गया था।

नाकाबंदी देख भागे, पीछा कर दबोचे गए

पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद अमरवाड़ा पुलिस ने तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर और टाटा सफारी को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों के चालक तेज गति से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया और भुमकाघाटी के पास दोनों वाहनों को रोककर 7 आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बने विशेष गुप्त बॉक्स से 252.48 किलो गांजा तथा टाटा सफारी से 68.32 किलो गांजा बरामद किया गया।

कंटेनर में गुप्त बॉक्स, कार में पिस्टल

पुलिस के मुताबिक कंटेनर में तीन आरोपी सवार थे। केबिन के अंदर बनाए गए गुप्त बॉक्स में सात प्लास्टिक बोरियां छिपाकर रखी गई थीं, जिनमें गांजा भरा था।

वहीं टाटा सफारी में चार आरोपी मिले। वाहन के डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कार में दो बोरियों में 68.32 किलो गांजा भी मिला।

पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार सभी सात आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा से यूपी तक फैला था नेटवर्क

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा सदनलाल चौरसिया के कहने पर ओडिशा के बलांगीर से लाया गया था। तस्करों का रूट रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए झांसी तथा संतकबीर नगर तक जाने का था।

पुलिस के अनुसार बरामद पिस्टल गिरफ्तार आरोपी मोनिस को सदनलाल चौरसिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस अब गांजे की सप्लाई के स्रोत, खरीदार और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

सात गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष गिरी, मोनिस, अजय यादव, कृष्ण कुमार, आदर्श सिंह, ऋषभ सिंह और शुभम सिंह के रूप में की है। इनमें संतोष गिरी कंटेनर चालक और कृष्ण कुमार टाटा सफारी चालक बताया गया है।

मामले में सदनलाल चौरसिया निवासी संतकबीर नगर, उत्तरप्रदेश फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

अमरवाड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 320 किलो से अधिक गांजे की इस बड़ी खेप के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और छिंदवाड़ा के रास्ते इस नेटवर्क का संचालन किस स्तर तक फैला हुआ है।

यह भी पढ़ें:-

गुप्त बॉक्स में 320 किलो गांजा, पिस्टल और कारतूस के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

भाजपा सरकार की नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ दी : नरेश मरावी

आवारा पशुओं और सुअरों से परेशान लूघरवाड़ा के किसान, कलेक्टर से लगाई गुहार

अमरवाड़ा में शिक्षा को मिली ₹21 करोड़ की सौगात, विधायक राजा कमलेश शाह के प्रयासों से स्कूल-छात्रावासों को मिली मंजूरी

https://www.naidunia.com/madhya-pradesh/bhopal-discussion-with-deputy-chief-minister-rajendra-shukla-regarding-the-demands-of-pharmacists-in-mp-8459668

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button