इंदौर में 29-30 नवंबर को होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, जिला स्तरीय ट्रायल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम; 28 नवंबर को टीम होगी रवाना
Chhindwara, 22 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छिंदवाड़ा जिले के आठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला वेटलिफ्टिंग संघ द्वारा वीआईपी रोड स्थित वर्ल्ड वाइड जिम में आयोजित जिला स्तरीय चयन ट्रायल के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी आगामी 29 एवं 30 नवंबर को इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कैडेट, यूथ (बालक-बालिका) तथा जूनियर एवं सीनियर महिला वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला वेटलिफ्टिंग संघ के सचिव रविकांत अहिरवार ने बताया कि चयन ट्रायल में जिले के खिलाड़ियों ने भाग लेकर निर्धारित क्वालीफाइंग मापदंडों के अनुरूप अपना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में आठ खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
इन खिलाड़ियों को मिला प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मौका
चयनित खिलाड़ियों में यूथ पुरुष वर्ग से हर्ष धामने, मोहक विश्वकर्मा एवं प्रियांश राजपूत, यूथ महिला वर्ग से जिज्ञासा बघेल, जूनियर एवं सीनियर पुरुष वर्ग से यश चौहान, आदित्य ठाकुर एवं संतोष दर्शन तथा महिला वर्ग से हर्षिता बादशाह शामिल हैं।
दो चरणों में होगी मध्यप्रदेश चैंपियनशिप
सचिव रविकांत अहिरवार ने बताया कि मध्यप्रदेश वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण की प्रतियोगिता 29 एवं 30 नवंबर को इंदौर में होगी। द्वितीय चरण में जूनियर एवं सीनियर पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसकी तिथि एवं स्थान निर्धारित होना शेष है।
चयनित खिलाड़ी जिला वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बैस के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। टीम 28 नवंबर को इंदौर के लिए रवाना होगी। टीम के कोच हरिओम नामदेव एवं मैनेजर पूजा तिवारी रहेंगे।
चयन प्रक्रिया में इनकी रही भूमिका
चयन प्रक्रिया में मुख्य निर्णायक के रूप में रविकांत अहिरवार, सलीम खान, विक्रांत अहिरवार, पूजा तिवारी, गोविंद चौहान एवं संतोष करोसिया ने भूमिका निभाई। वहीं यासीन शाह एवं राजेंद्र कुमरे ऑफिशियल के रूप में उपस्थित रहे।
जिला वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बैस, राजेंद्र सिंह ठाकुर, जावेद खान सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।