जिला अस्पताल में नन्हें बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, जिले में 2 लाख 33 हजार 224 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य
Chhindwara, 22 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप भारत को पोलियो से पूरी तरह मुक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की सफलता में स्वास्थ्य विभाग के साथ अभिभावकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है।
प्रत्येक पालक यह सुनिश्चित करे कि उसका बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। यह बात सांसद श्री बंटी विवेक साहू ने जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ अवसर पर कही।
सांसद श्री साहू ने नन्हें बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर जिले में अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत को पोलियो से पूरी तरह मुक्त रखा जाए।
इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। छिंदवाड़ा जिले में इस अभियान के अंतर्गत 2 लाख 33 हजार 224 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सांसद ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। बच्चों के सुरक्षित भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इस अभियान में सभी की भागीदारी आवश्यक है। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से छूटना नहीं चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
अभियान के शुभारंभ अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैसवास, सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पुष्पा रानी सिंह, सांसद प्रतिनिधि पप्पू ठाकुर एवं रोहित पोफली, वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वेन्द्र बैस एवं शशांक चंदेल, जिला अस्पताल से राजा राम मसकोली, बी.आर. देशमुख, आरती यादव, मनीष सिंह, महेश माहेश्वरी, अनवर सिद्दीकी एवं उमंग सतनकर सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बच्चों के परिजन उपस्थित रहे।