पूर्व मंत्री का बड़ा राजनीतिक बयान, प्रदेश में सत्ता और संगठन में जिम्मेदारी मिलने की जताई उम्मीद; बोले- भाजपा संगठन आधारित पार्टी है
Chhindwara, 22 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता दीपक सक्सेना ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वे छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा संगठन आधारित पार्टी है और प्रदेश में जब भी सत्ता एवं संगठन में फेरबदल होगा, उन्हें भी भागीदारी का अवसर मिल सकता है।
एक प्रतिनिधि से चर्चा के दौरान दीपक सक्सेना ने अपने राजनीतिक सफर, भाजपा में अपनी भूमिका और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ संबंधों को लेकर भी खुलकर बात की।
दीपक सक्सेना कभी कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। वे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के विश्वस्त नेताओं में शामिल रहे और जिले की राजनीति में उनका अपना मजबूत समर्थक वर्ग रहा है।
हालांकि, कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ के साथ राजनीतिक मतभेदों की चर्चाओं के बीच उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया था। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उनकी राजनीतिक भूमिका चर्चा में रही। भाजपा में शामिल होने के बावजूद उन्होंने कमलनाथ के प्रति सम्मान की बात कही।
दुबई में कमलनाथ से मुलाकात की खबरों को किया खारिज
हाल ही में दुबई यात्रा से लौटे दीपक सक्सेना से जब पूछा गया कि क्या इस दौरान उनकी मुलाकात कमलनाथ से हुई थी, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे दुबई में कमलनाथ से नहीं मिले। उल्लेखनीय है कि कमलनाथ ने हाल ही में दुबई में अपना 80वां जन्मदिन मनाया था। दोनों नेताओं के एक ही समय दुबई में होने के कारण मुलाकात को लेकर सवाल उठ रहे थे।
दुबई की सफाई और यातायात व्यवस्था की तारीफ
अपनी विदेश यात्राओं के अनुभव साझा करते हुए दीपक सक्सेना ने दुबई की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और वहां के नागरिकों के अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई देशों की यात्रा की है, लेकिन दुबई में सफाई, यातायात व्यवस्था और जनता का अनुशासन विशेष रूप से उल्लेखनीय है।
दीपक सक्सेना के इस बयान के बाद छिंदवाड़ा की राजनीति में उनकी आगामी भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो सकती हैं। विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर उन्होंने अपने राजनीतिक इरादे भी स्पष्ट कर दिए हैं। अब देखना होगा कि भाजपा का संगठन उन्हें भविष्य में किस भूमिका में अवसर देता है।