जन विश्वास अभियान में पहुंची शिकायत ने खोली आदिम जाति कल्याण विभाग की कार्यप्रणाली की पोल, स्कूलों में पढ़ाने के बजाय बीईओ कार्यालय में अटैच किए गए शिक्षकों का मामला उठा
Chhindwara, 28 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर जुन्नारदेव विकासखंड में एक गंभीर प्रशासनिक मामला सामने आया है। यहां एक पूर्णकालिक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के अलावा दो अन्य शिक्षकों को भी बीईओ कार्यालय में प्रशासनिक कार्यों के लिए लगाए जाने की शिकायत कलेक्टर के समक्ष पहुंची।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों से अध्यापन कार्य लेने के बजाय उन्हें बीईओ कार्यालय में जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त को दोनों शिक्षकों को उनकी मूल पदस्थापना वाली शालाओं में वापस भेजने के निर्देश दिए हैं।
जन विश्वास अभियान में कलेक्टर के सामने उठा मामला
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत दमुआ आदिवासी अंचल के ग्राम भरदागढ़ में शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में कलेक्टर ने पहले सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की और इसके बाद आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए।
इसी दौरान जन सेवा मानव कल्याण से जुड़े शिकायतकर्ता नोखेलाल चौरसिया ने कलेक्टर के समक्ष जुन्नारदेव विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था और बीईओ कार्यालय में शिक्षकों की तैनाती का मुद्दा उठाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जनजातीय कार्य विभाग के अधीन जुन्नारदेव में पूर्णकालिक बीईओ मनीष चतुर्वेदी पदस्थ हैं। इसके बावजूद विकासखंड तामिया की माध्यमिक शाला साजकुही में पदस्थ प्रधान पाठक ओमप्रकाश जोशी को उनकी मूल शाला से हटाकर बीईओ जुन्नारदेव का सहायक प्रशासनिक प्रभार सौंपा गया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में कलेक्टर के निर्देश पर जोशी को इस जिम्मेदारी से हटाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें फिर से प्रशासनिक जिम्मेदारी दे दी गई।
एक और शिक्षक को भी बीईओ कार्यालय में लगाया
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश जोशी ने भी अपने प्रशासनिक कार्यों में सहयोग के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदन में पदस्थ वरिष्ठ अध्यापक पी.पी. सिंह को जुन्नारदेव विकासखंड में कार्य के लिए लगा लिया। इससे संबंधित आदेश की प्रकृति और विभागीय स्वीकृति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जुन्नारदेव विकासखंड में एक पूर्णकालिक बीईओ ही प्रशासनिक कार्यों के लिए पर्याप्त हैं। बीईओ मनीष चतुर्वेदी के पास कार्यालय के समीप स्थित एक हायर सेकेंडरी स्कूल का भी प्रभार है। ऐसे में उन्हें ही बीईओ का संपूर्ण दायित्व सौंपा जाना चाहिए।
विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का उठाया मुद्दा
शिकायत में यह भी कहा गया कि दोनों शिक्षकों का वेतन शासन द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाने और उनका भविष्य संवारने के उद्देश्य से दिया जाता है, लेकिन उन्हें मूल शालाओं में अध्यापन कार्य से अलग रखकर बीईओ कार्यालय में लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इसे विभाग को आर्थिक क्षति और जनजातीय विद्यार्थियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला मामला बताया।
कलेक्टर के निर्देश पर होगी कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त सत्येंद्र मरकाम को अतिरिक्त बीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे ओमप्रकाश जोशी और पी.पी. सिंह को उनकी मूल पदस्थापना वाली शालाओं में वापस भेजने के निर्देश दिए हैं।
अब देखना होगा कि विभाग इन निर्देशों का पालन करते हुए दोनों शिक्षकों को उनकी मूल शालाओं में वापस भेजता है और जुन्नारदेव विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए क्या कदम उठाता है।