शासकीय महाविद्यालय बरघाट में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ, भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रसार में पुस्तकालयों की भूमिका पर हुआ मंथन
बरघाट/सिवनी यशो:- भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्ञान-विज्ञान और संस्कृति के ऐसे अनेक अनछुए पहलू मौजूद हैं, जिन्हें प्राचीन पांडुलिपियों और ग्रंथों के माध्यम से दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है। इन पांडुलिपियों में समाहित ज्ञान को संरक्षित करने और प्रकाशित करने के लिए पुस्तकालय विशेषज्ञों को आगे आना चाहिए, अन्यथा यह अमूल्य ज्ञान धीरे-धीरे नष्ट हो सकता है। यह बात बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के डॉ. संजीव सराफ ने शासकीय महाविद्यालय बरघाट में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के शुभारंभ अवसर पर कही।
शासकीय महाविद्यालय बरघाट के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के तत्वावधान में 'भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रसार में पुस्तकालयों की भूमिका' विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. संजीव सराफ ने भारतीय ज्ञान परंपरा को नमन करते हुए प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण, अध्ययन और प्रकाशन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. धनाराम उइके ने कहा कि प्राचीन ग्रंथों और ज्ञान संपदा को सहेजने में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक डॉ. हरीश केवट ने कहा कि आज भी मुद्रित पुस्तकों की सौंधी महक लोगों को पुस्तकालयों की ओर आकर्षित करती है।
रीवा विश्वविद्यालय के डॉ. लक्ष्मीकांत चंदेला ने नालंदा विश्वविद्यालय के पुस्तकालय की विशेषताओं और वहां संग्रहित ग्रंथों की जानकारी देते हुए रामायण जैसे महान भारतीय ग्रंथ में निहित ज्ञान के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती ने की। उन्होंने महाविद्यालय के पुस्तकालय विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी।
सिवनी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश चिले ने गौतम बुद्ध के मानवतावादी विचारों को भारतीय ज्ञान परंपरा का केंद्र बिंदु बताया।
इस अवसर पर डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के सहायक लाइब्रेरियन डॉ. मुकेश साहू, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के पुस्तकालय विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सत्य प्रकाश त्रिपाठी, आगरा विश्वविद्यालय के डॉ. के.के. केशरवानी, गोविंद राम इंजीनियरिंग संस्थान मान्य विश्वविद्यालय के डॉ. बृज किशोर तिवारी, पूर्व प्राचार्य झारिया एवं डॉ. सविता मसीह मंचासीन रहे।
संगोष्ठी के विभिन्न तकनीकी सत्रों में विषय विशेषज्ञ डॉ. मंगेश कुमारी, डॉ. चुन्नी लाल सहित अन्य विद्वानों ने अपने शोध पत्रों का वाचन किया। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
संगोष्ठी संयोजक डॉ. प्रदीप त्रिवेदी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर कैलाश पुस्तक सदन द्वारा प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इनमें 'भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रसार में पुस्तकालयों की भूमिका' तथा डॉ. प्रदीप त्रिवेदी द्वारा लिखित 'डिजिटल संसाधन एवं ई-लर्निंग उपकरण' शामिल हैं।
राष्ट्रीय संगोष्ठी के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, प्राचीन ग्रंथों के अध्ययन और आधुनिक डिजिटल संसाधनों के उपयोग में पुस्तकालयों की भूमिका को लेकर विद्वानों ने अपने विचार साझा किए।