घर में ताला लगाकर पारिवारिक कार्यक्रम में गया था परिवार, भारतीय सेना में पदस्थ संदीप बोपचे का आर्मी कार्ड भी चोरी
Seoni, 28 November 2026
सिवनी / बरघाट यशो:- सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्होडी में अज्ञात चोरों ने एक ग्रामीण के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नकदी सहित सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बम्होडी निवासी संदीप कुमार बोपचे भारतीय सेना में पदस्थ हैं और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए हैं। परिवार के सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर रखी नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
चोरी की इस वारदात में संदीप बोपचे का भारतीय सेना से संबंधित पहचान पत्र (आर्मी कार्ड) भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की आशंका से परिवार में चिंता का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश के साथ चोरी गए सामान का विवरण जुटाया जा रहा है।