लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने थाना दमुआ के बाहर रंगे हाथों पकड़ा, पहली किस्त के रूप में ले रहा था 50 हजार रुपये
Chhindwara 28 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में खात्मा लगाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले प्रधान आरक्षक को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव थाना दमुआ में पदस्थ था। लोकायुक्त की यह कार्रवाई 28 नवंबर को थाना दमुआ के बाहर बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क पर की गई।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डुंगरिया निवासी शारुख खान के विरुद्ध उसके मामा शाहिद अंसारी ने थाना दमुआ में धोखाधड़ी के संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में खात्मा लगाने के एवज में प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव द्वारा शारुख खान के ममेरे भाई दानिश अंसारी के माध्यम से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त से की गई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर शारुख खान ने लोकायुक्त जबलपुर इकाई में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार 28 नवंबर को आरोपी प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने यह कार्रवाई की। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
आरोपी प्रधान आरक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त डीएसपी रेखा प्रजापति के अनुसार, प्रारंभिक जांच में प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है। विवेचना पूरी होने के बाद ही मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।