मध्यप्रदेश की धरती से नक्सलवादी जिंदा वापिस नहीं जायेगा – मुख्यमंत्री
2 लाख सरकारी पद भरे जायेंगे, धान के किसानों को 4 हजार रूपये हेक्टयर बोनस इसी माह
balaghat 01 March 2025
बालाघाट यशो:- मध्यप्रदेश को देश का नंबरवन खुशहाल राज्य बनाना है । हर क्षेत्र में विकास के कार्यो के साथ किसानों को समृद्ध बनाने वाली सुविधाएँ, युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिये प्रदेश की सरकार संकल्पित है । मध्यप्रदेश की धरती पर नक्सलवादियों के लिये कोई स्थान नहीं है, बाहर से आकर यदि कोई डरने धमकाने या आतंक का माहौल बनाने का प्रयास करेगा तो वह जिंदा वापस नहीं जायेगा । यह बात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डां. मोहन यादव ने बालाघाट में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुये कही ।
मुख्यमंत्री डां. मोहन यादव ने कहा कि आने वाले दिनों में बालाघाट जिले की सूरत ही बदल जाएगी। बालाघाट में मुख्यमंत्री ने 326 करोड़ 60 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 264 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस राशि से जिले में स्कूल, अस्पताल और पुलों का निर्माण होगा।
डां. मोहन यादव ने बालाघाट के चिन्नोर के चावल की प्रशंसा करते हुये कहा कि बालाघाट खनिज का बड़ा केंद्र है। परमात्मा ने इस जिले पर बड़ा प्रेम लुटाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रेदश विकास के नई कीर्तिमान बना रहा है। बालाघाट में नए उद्योग लग रहे हैं। आजादी के बाद से मध्यप्रदेश की विकास दर माइनस में थी। लेकिन, अब हमारे राज्य की ग्रोथ 13 फीसदी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी अर्थव्यस्था 11 से 5वें नंबर पर पहुंची। भारत सबसे तेज गति से विकास कर रहा है।
नक्सलवाद के लिए कोई जगह नहीं
सीएम मोहन यादव ने नक्सलवाद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि नक्सलवाद के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। अगर बाहर से कोई नक्सली आएगा तो जिंदा वापस नहीं जाएगा। सीएम मोहन यादव ने कहा कि बालाघाट के भोले ग्रामीण इनके बहकावे बिल्कुल न आये । नक्सलवादियों को प्रदेश की धरती से सफाया करने के लिये हमारा कानूनी तंत्र सक्रिय है यहाँ बता कि बालाघाट में लगातार हॉक फोर्स नक्सलियों को ढेर कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नक्सलवाद को लेकर लगातार बैठकें कर रहे हैं।
50 बिस्तर वाला अस्पताल का हुआ भूमिपूजन
सीएम डॉ. यादव की घोषणा के बाद बालाघाट जिले में कुल 326 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से 117 अलग-अलग काम होंगे। इसमें 62 करोड़ रुपए की लागत से 39 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। 24 करोड़ रुपए की लागत से बारासिवनी में विकास काम होंगे। 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। 9 करोड़ रुपए की लागत से लामता में नवगठित तहसील कार्यालय भी बनाया जाएगा। 8 करोड़ रुपए की लागत से खरपडिय़ा-सिवनहेटी-कटंगी मार्ग बनाया जाएगा। 3 करोड़ रुपए की लागत से स्कूल-शिक्षा के काम होंगे। 2 करोड़ रुपए की लागत से कटंगीझरी-लोमता-डोरिया-बेलगांव में प्राथमिक स्कूल का निर्माण होगा।
सीएम राइज स्कूल-हॉस्टल-पुल का भी निर्माण
मोहन यादव ने कहा कि 264 करोड़ रुपए के 68 कामों का लोकार्पण भी किया। इसमें 145 करोड़ रुपए की लागत से बालाघाट-बिरसा-बारासिवनी-मलाजखंड-लालबर्रा में बना सीएम राइज स्कूल, 55 करोड़ रुपए की लागत से बालाघाट के बेहर-पसरवाड़ा-खेरलांजी में स्कूलों का उन्नयन-छात्रावासों का निर्माण, 10 करोड़ रुपए की लागत से पुल-पुलियाओं का निर्माण, 9 करोड़ रुपए की लागत से बारासिवनी-खंडवा पुल का निर्माण, 7 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से शहीद चंद्रशेखर आजाद एक्सट्रोटर्फ का लोकार्पण शामिल हैं।
युवाओं-किसानों को लाभ
इस मौके पर सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार 5 साल में 2 लाख पद भरेगी। साल 2028 तक हम युवाओं को भरपूर रोजगार देंगे। हम 4000 रुपये प्रति हेक्टयर की दर से धान उत्पादक किसानों को मार्च माह ही बोनस देंगे, गेहँू 2600 रूपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर खरीदा जायेगा । इससे किसानों भला होगा।





