2 लाख सरकारी पद भरे जायेंगे, धान के किसानों को 4 हजार रूपये हेक्टयर बोनस इसी माह
balaghat 01 March 2025 बालाघाट यशो:- मध्यप्रदेश को देश का नंबरवन खुशहाल राज्य बनाना है । हर क्षेत्र में विकास के कार्यो के साथ किसानों को समृद्ध बनाने वाली सुविधाएँ, युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिये प्रदेश की सरकार संकल्पित है । मध्यप्रदेश की धरती पर नक्सलवादियों के लिये कोई स्थान नहीं है, बाहर से आकर यदि कोई डरने धमकाने या आतंक का माहौल बनाने का प्रयास करेगा तो वह जिंदा वापस नहीं जायेगा । यह बात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डां. मोहन यादव ने बालाघाट में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुये कही ।
मुख्यमंत्री डां. मोहन यादव ने कहा कि आने वाले दिनों में बालाघाट जिले की सूरत ही बदल जाएगी। बालाघाट में मुख्यमंत्री ने 326 करोड़ 60 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 264 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस राशि से जिले में स्कूल, अस्पताल और पुलों का निर्माण होगा।
डां. मोहन यादव ने बालाघाट के चिन्नोर के चावल की प्रशंसा करते हुये कहा कि बालाघाट खनिज का बड़ा केंद्र है। परमात्मा ने इस जिले पर बड़ा प्रेम लुटाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रेदश विकास के नई कीर्तिमान बना रहा है। बालाघाट में नए उद्योग लग रहे हैं। आजादी के बाद से मध्यप्रदेश की विकास दर माइनस में थी। लेकिन, अब हमारे राज्य की ग्रोथ 13 फीसदी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी अर्थव्यस्था 11 से 5वें नंबर पर पहुंची। भारत सबसे तेज गति से विकास कर रहा है।