मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्यातिथ्य में स्वामित्व योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम संपन्न
समाज के चारों स्तंभ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सिवनी 18 जनवरी 2025 सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि प्रधानमंत्र नरेन्द्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के लोगों को स्वामित्व का अधिकार दिया है। यह स्वामित्व का अधिकार सिर्फ भू-अधिकार का स्वामित्व ही नहीं बल्कि उनके स्वाभिमान का अधिकार है। जिसके माध्यम से घर का मूल्यांकन सही ढंग से किया जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित स्वामित्व योजना 15.63 लाख हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्रों का वितरण तथा लगभग 190 करोड की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा स्वामित्व योजना के तहत देश भर के 50 हजार से अधिक गांवों में 65 लाख प्रापर्टी कार्डों का वितरण और योजना के लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया गया जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने देखा और सुना।