छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

यूरिया नहीं मिलने से भड़के किसान, अमरवाड़ा में सड़क पर उतरे; अधिकारियों ने संभाली स्थिति

ई-पोर्टल में आ रही परेशानी से नाराज किसानों ने की नगद बिक्री के माध्यम से यूरिया उपलब्ध कराने की मांग, अधिकारियों ने दिया व्यवस्था सुधारने का भरोसा

Chhindwara 04 August 2026
छिंदवाड़ा / अमरवाड़ा यशो:-  यूरिया की कमी और ऑनलाइन पंजीयन में आ रही समस्याओं को लेकर किसानों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर दिखाई दिया। लगातार दो दिनों से यूरिया के लिए परेशान किसानों ने अमरवाड़ा में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किया।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

किसानों का कहना है कि उन्हें समय पर यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है। सोमवार को भी किसानों ने यूरिया को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था बनाई थी और नगद काउंटर के माध्यम से किसानों को पांच-पांच बोरी यूरिया उपलब्ध कराई गई थी।

मंगलवार को फिर बढ़ा किसानों का आक्रोश

सोमवार को शेष रह गए किसानों को मंगलवार सुबह यूरिया देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन मंगलवार को भी उन्हें यूरिया उपलब्ध नहीं हो सकी। किसानों को ई-पोर्टल प्रणाली के माध्यम से पंजीयन कराकर यूरिया लेने की बात कही गई।

किसानों ने बताया कि ई-पोर्टल पिछले 15-20 दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण पंजीयन नहीं हो पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें यूरिया की आवश्यकता तत्काल है, ऐसे में ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण परेशानी बढ़ रही है।

वेयरहाउस और मंडी के सामने किया प्रदर्शन

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज किसानों ने वेयरहाउस के समीप जेल चौराहा और मंडी प्रांगण के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने नगद बिक्री के माध्यम से यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की।

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मोहित बोरकर, कृषि विभाग की एसडीओ श्रीमती अनीता डेहरिया और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने किसानों को दिया भरोसा

अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क अवरुद्ध करना उचित नहीं है और ऐसी स्थिति में कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि यूरिया उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था बनाई जा रही है और सभी किसान शांति बनाए रखें।

इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त किया। हालांकि किसानों का कहना है कि यूरिया की समस्या का स्थायी समाधान जल्द किया जाना चाहिए, ताकि खेती के महत्वपूर्ण समय में उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button